Advertisement

अवैध कोयला जलाने के विरोध में फुसरो में व्यवसायियों का प्रदर्शन

एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो कोयलांचल के फुसरो बाजार में अवैध कोयला जलाने के विरोध में 13 अप्रैल को युवा व्यवसाय संघ के बैनर तले व्यवसायी एवं रहिवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर व्यापारियों ने फुसरो बाजार से पैदल मार्च निकाला तथा नारेबाजी करते हुए बेरमो अंचल कार्यालय पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया। संघ के प्रतिनिधि मंडल ने बेरमो सीओ संजीत कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपकर समस्या से निजात दिलाने की मांग की।

सभा को संबोधित करते हुए संघ के संरक्षक देवी दास ने कहा कि शाम ढलते ही फुसरो बाजार से सटे ढोरी पांच नंबर धौड़ा एवं रानीबाग से अवैध कोयला की भट्टियों से उठने वाला धुआं फुसरो बाजार में आ धमकता है। जिससे व्यवसायी एवं आम रहिवासियों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। कहा कि बेरमो प्रशासन अतिक्रमण हटा रही है। इसका व्यवसायी संघ भी समर्थन करती है, परंतु फूटपाथी दुकानदारों को बसाने का भी काम करे।

झामुमो के केंद्रिय सदस्य हिरालाल मांझी ने कहा कि झारखंड सरकार गरीबों को बसाने का काम कर रही है, इसलिए बेरमो प्रशासन व्यपारियों को बसाने का काम करें। उन्होंने कहा कि प्रदूषण के विरोध में संघ का प्रदर्शन जायज है। प्रशासन इसे से संज्ञान में लेकर त्वरित कार्रवाई करें। कहा कि जहां भी जनहित का मुद्दा रहेगा वहां झारखंड मुक्ति मोर्चा का समर्थन रहेगा।

संरक्षक कृष्ण कुमार, कलाम खान व झामुमों नेता मदन महतो ने कहा कि फुसरोवासी बिजलीं, पानी के लिए हमेशा आंदोलन करते हैं, लेकिन वर्तमान समय में धुएं के कारण फुसरो बाजार की ऐसी स्थिति है कि रहिवासी स्वास्थ्य वातावरण में सांस लेने के लिए आंदोलन करने को विवश है। कहा कि फुसरो में आंदोलन के बाद ही प्रशासन सक्रिय होती है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

संघ अध्यक्ष वैभव चौरसिया ने कहा कि फुसरो बाजार में शाम ढलते ही पूरा बाजार धुएं से ढंक जाता है, जिससे रहिवासियों तथा राहगीरों को आंखों में जलन व सांस लेने में परेशानी होती है। मामले को लेकर कई बार प्रशासन को अवगत कराते हुए निदान की मांग की गई लेकिन अब तक इससे निजात नहीं मिली। जिससे बाध्य होकर आंदोलन करने को विविश होना पड़ा।

सीओ पर अवैध कोयला में संलिप्त होने का आरोप

धरना प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों द्वारा अवैध कोयला के भट्टियों पर अंकुश नहीं लगने पर बेरमो सीओ को संलिप्त होने का आरोप लगाया गया। वक्ताओं ने कहा कि बेरमो सीओ कोयला तस्करों से अवैध वसूली करते हैं जिसके कारण वे इस पर अंकुश नहीं लगा रहे। संचालन संघ के पूर्व कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश राजा ने किया।

जबकि, सभा को यूनियन नेता आफताब आलम, वार्ड पार्षद अरविंद वर्मा, आजसू के फुसरो नगर अध्यक्ष महेश देशमुख, अभय विश्वकर्मा, गोपी डे, जावेद खान, संतोष भगत, गुड्डू जैन, विनोद चौरसिया, कोषाध्यक्ष राकेश मालाकार, गोविंद रजक आदि ने भी संबोधित किया। मौके पर विश्वजीत पाल, धीरज गिरि, पंकज पांडेय, विनय बरनवाल, गुरुपद प्रजापति, प्रकाश गुप्ता, संजय गुप्ता, पुष्पा देवी, बसंती देवी, रितु देवी, सविता देवी, गिरिजा देवी, लक्ष्मी देवी, भारती देवी, लक्ष्मण वर्मा आदि मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *