Advertisement

जिला व्यवहार न्यायालय वैशाली को बम से उड़ाने की धमकी से न्यायालय परिसर में हड़कंप

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर स्थित वैशाली जिला व्यवहार न्यायालय को साइबर अपराधियों द्वारा बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन तत्काल हरकत में आ गया तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।

मिली जानकारी के अनुसार 13 अप्रैल को न्यायालय के आधिकारिक ईमेल पर अज्ञात अपराधी द्वारा धमकी भरा संदेश भेजा गया, जिसमें कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वैशाली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विक्रम सिहाग के निर्देश पर सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे न्यायालय परिसर को तत्काल खाली कराया जाने लगा।

इस दौरान पुलिस प्रशासन ने कोर्ट परिसर में प्रवेश पर पूर्णतः रोक लगा दी गई। न्यायालय के अंदर मौजूद अधिवक्ताओं, वादियों एवं आम जनों के साथ-साथ परिसर में स्थित दुकानदारों को भी बाहर निकाल दिया गया, ताकि बम निरोधक दस्ता द्वारा सघन जांच की जा सके। बताया जाता है कि वैशाली जिला प्रशासन ने मुजफ्फरपुर से बम निरोधक दस्ते को बुलाया है, जो पूरे परिसर की बारीकी से जांच कर रहा है। साथ ही न्यायालय परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

आसपास के सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है तथा क्षेत्र में आम रहिवासियों की आवाजाही पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है। फिलहाल पुलिस द्वारा पूरे इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। ज्ञात हो कि वैशाली जिला व्यवहार न्यायालय जिला कलेक्टर कार्यालय से सटा होने के कारण काफी संवेदनशील माना जा रहा है।

अधिकारियों के अनुसार स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। विदित हो कि इसके पूर्व मुजफ्फरपुर और पटना सिविल कोर्ट को भी इसी तरह की ईमेल पर धमकी कुछ माह पहले भेजी गई थी, लेकिन इस तरह की धमकी भेजने वालों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *