Advertisement

वैशाली के रसलपुर में प्यार, शादी और धोखा की कहानी बनी मुसीबत

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। प्यार, शादी और धोखा में एक युवती की बर्बादी की अजीबोगरीब घटना वैशाली जिले में प्रकाश में आई है। यह घटना पुरे वैशाली जिला में चर्चा का विषय बन गया है।

बताया गया है कि वैशाली जिला के हद में जंदाहा थाना क्षेत्र के रसलपुर गांव की एक युवती (काल्पनिक नाम रूपा) को अपने ही गांव के शादीशुदा व् चार बच्चों के पिता नीतीश गिरि से प्रेम हो गया। रूपा ने चार बच्चों के पिता नीतीश से 4 साल पूर्व प्रेम विवाह कर लिया और उसके साथ रहने लगी। दोनों प्रेमी-प्रेमिका ने गांव समाज के विरोध के बावजूद कोर्ट मैरिज की थी। इसके बाद रूपा को नीतीश से एक दो वर्ष की बेटी भी है। बताया जाता है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही नीतीश उसके साथ मारपीट करने लगा। नीतीश की मां के निधन के बाद उसके व्यवहार में और बदलाव आ गया और वह लगातार मारपीट करने लगा। उसकी 2 साल की एक बेटी भी है।

आरोप है कि इस बीच नीतीश ने मारपीट कर उसे तथा उसकी बेटी को घर से निकाल दिया। कहा कि खुद कमाकर अपना और बच्चे का भरण-पोषण करें। इसके बाद रूपा ने बताया कि उनके पाटीदार के देवर नवीन ने उसे साथ चलने के लिए कहा और बाहर काम दिलाने का भरोसा दिया। वह उसके साथ चली गईं। करीब दो महीने बाद नवीन ने उससे कहा कि वह नीतीश को छोड़कर उससे शादी कर लें।

पीड़िता रूपा के मुताबिक जब उसने शादी करने से मना किया तो नवीन जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने लगा। इसके बाद मजबूरी में उसे नवीन से शादी करनी पड़ी। शादी को अब दो साल हो चुके हैं। यह भी जानकारी मिली है कि इस दौरान रूपा को नवीन अपने गांव लाया और पहले पति के खिलाफ केस भी करवाया। इसके बाद वह नवीन के साथ रहने लगी।

पिछले 5 महीनों से नवीन उसे वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर के नगर थाना क्षेत्र के समता कॉलोनी में किराए के कमरे में रखे हुए है। नवीन हाजीपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर एक स्टाल में ड्यूटी करता है। बताया गया है कि बीते 11 अप्रैल को ड्यूटी पर जाने से पहले नवीन ने उससे कहा कि उसके लिए वह खाना न बनाया जाए, वह बाहर खा लेगा। रात लगभग 10 बजे जब वह घर लौटा तो कथित तौर पर उसने रूपा के साथ जान से मारने की नीयत से बेरहमी से मारपीट की और उसका गर्दन दबाने लगा। रूपा के चिल्लाने पर उसने उसे छोड़ दिया। किसी तरह जान बचाकर रूपा घर से बाहर निकली और डायल 112 पर पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर आरोपी नवीन को हिरासत में लिया तथा घायल रूपा को इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर में भर्ती कराया। रूपा का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती कराने के बाद पुलिस ने नवीन को छोड़ दिया है। उसने आरोप लगाया है कि नवीन उसे फोन कर जान से मारने की धमकी दे रहा है और कह रहा है कि वह किसी और लड़की को फंसाकर दूसरी शादी कर लेगा। रूपा के अनुसार, नवीन नशे का आदी है और नशे की हालत में ही वह अक्सर उसके साथ मारपीट करता है। पीड़िता ने वैशाली जिला प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *