इलेक्ट्रीक टीम के विकाश रंजन बने मैन ऑफ द मैच
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल मुख्यालय स्थित रेलवे स्टेडियम में चल रहे अंतर विभागीय टी- 20 क्रिकेट प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मुकाबला 13 अप्रैल को खेला गया।
इलेक्ट्रिकल टीम बनाम कार्मिक विभाग की टीम के बीच खेले गये इस मुकाबले में इलेक्ट्रिकल की टीम ने 47 रनों से शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है।
जानकारी के अनुसार इलेक्ट्रिकल टीम के कप्तान संतोष प्रकाश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पारी की अच्छी शुरुआत विकाश और संतोष प्रकाश ने की। विकाश रंजन ने तेज अर्धशतकीय पारी खेलते हुए मात्र 45 गेंदों पर ताबड़तोड़ 73 रन बनाये। संतोष प्रकाश ने भी 16 रन की तेज पारी खेली। मध्य क्रम में फ़ैज़ अली ख़ान 12 गेंदों पर 26 रन, राकेश शर्मा 24 और राहुल मिश्रा ने 17 रन का योगदान अपने टीम को दिया। इस तरह इलेक्ट्रिकल की टीम निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 187 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। कार्मिक टीम के तरफ़ से सबसे सफल गेंदबाज़ ब्रजेश रहे, जिन्होंने ने सर्वाधिक 2 विकेट झटके।
कठिन लक्ष्य 188 रन का पीछा करने उतरी कार्मिक विभाग की शुरुआत बहुत शानदार रही। दोनों सलामी जोड़ी राहुल और राज कुमार ने तेज बल्लेबाजी करते हुए महज 5 ओवर में बिना विकेट गवायें 50 रन की साझेदारी कर डाली, जिससे मुक़ाबला थोड़ा रोचक हो गया था। राहुल जो ज़्यादा आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे थे उन्होंने 21 गेंदों पर 36 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली, लेकिन उनका विकेट रन आउट के रूप गिरने के बाद कार्मिक विभाग की टीम दबाव में आ गई।
राज कुमार ने 20 रन का योगदान अपने टीम को दिया। उसके बाद कार्मिक विभाग की टीम नियमित अंतराल पर अपना विकेट गवांते चली गई। एक छोड़ से प्रवीण ने 24 रन जरूर बनाये और कुछ संघर्ष किया, परन्तु रन औसत लगातार बढ़ता चला गया और लक्ष्य दूर होता चला गया। इस तरह कार्मिक विभाग की पूरी टीम 19.4 ओवर में 140 रन हीं बनाकर ऑल आउट हो गई। इलेक्ट्रिकल टीम ने 47 रनों से शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है।
इलेक्ट्रिकल टीम के सबसे सफल गेंदबाज़ रहे दीपक और राहुल मिश्रा, जिन्होंने 3-3 विकेट झटके। संतोष प्रकाश ने भी किफायती गेंदबाज़ी करते हुए 2 विकेट अपने नाम किया और प्रतियोगिता में अबतक सर्वाधिक कुल 17 विकेट लेकर गेंदबाज़ी का पर्पल कैप हांसिल किया है। इलेक्ट्रिकल टीम के विकाश रंजन को बल्ले से शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच प्रदान किया गया। इलेक्ट्रिकल टीम के फाइनल में प्रवेश करने पर सोनपुर रेल मंडल के क्रीड़ा अधिकारी अभिजात कुमार, वरिष्ठ मंडल विधुत अभियंता (कर्षण) स्मिता नारायण एवं वरिष्ठ मंडल विधुत अभियंता (सामान्य) शैलेंद्र दुबे ने भी अपनी टीम को बधाई दी है।
![]()













Leave a Reply