जागृत रहने से ही अक्षुण्ण रहेगा सनातन-जगद्गुरु स्वामी लक्ष्मणाचार्य
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित नारायणी नदी के पावन कालीघाट पर 13 अप्रैल को हरिहरनाथ-मुक्तिनाथ सांस्कृतिक यात्रा का भव्य शुभारंभ किया गया। मौके पर बड़ी संख्या में गणमान्य उपस्थित होकर पुण्य के भागी बने।
इस अवसर पर आयोजित धर्म सभा को संबोधित करते हुए श्रीगजेन्द्र मोक्ष देवस्थानम के पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी लक्ष्मणाचार्य महाराज ने सनातन धर्म की रक्षा के लिए हिंदू समाज को जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म को मिटाने के प्रयास युगों से होते रहे हैं, लेकिन सनातन हमेशा अक्षुण्ण रहा है। उन्होंने देश के तमाम सनातनीयों को सचेत करते हुए कहा कि अपने ही देश के कुछ मजहबी तत्वों से धर्म को खतरा है। हमें स्वयं जागना होगा और दूसरों को जगाना होगा, तभी हमारी संस्कृति सुरक्षित रहेगी।
धर्म सभा में उन्होंने बताया कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत और नेपाल के बीच का आध्यात्मिक और सांस्कृतिक सेतु है। कहा कि यात्रा के मार्ग में आने वाले सभी शहरों और गांवों में धर्म सभाएं आयोजित कर हिंदू एकता को सुदृढ़ किया जाएगा। इस अवसर पर सर्वप्रथम राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की गतिविधि धर्म जागरण समन्वय उत्तर बिहार के प्रांत संयोजक विजय यादव ने विषय प्रवेश करते हुए हरिहरनाथ – मुक्तिनाथ सांस्कृतिक यात्रा पर विषय प्रवेश करते हुए वृहत जानकारी दी।

वहीं, बिहार प्रांत उदासीन महामंडल के अध्यक्ष संत विष्णु दास उर्फ मौनी बाबा ने यात्रा को संस्कारों के संरक्षण का महान प्रयास बताया। अयोध्या से आए रामानुजाचार्य स्वामी रंगनाथाचार्य महाराज ने संस्कार और आध्यात्मिक ज्योति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संस्कृति के मूल में संस्कार हैं और संतों के सानिध्य से ही भीतर की ज्योति जागृत होती है।
आरएसएस के क्षेत्र कार्यवाह मोहन सिंह ने विश्वास जताया कि भारत का विश्व गुरु बनना तय है। धर्म जागरण समन्वय (उत्तर बिहार) के प्रांत संयोजक विजय यादव ने यात्रा की रूपरेखा और इसके व्यापक उद्देश्यों पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में छपरा की विधायक छोटी कुमारी ने कहा कि यह यात्रा भारत-नेपाल के संबंधों में सांस्कृतिक ऊर्जा भरेगी। अपने अध्यक्षीय संबोधन में जगन्नाथजी ने बताया कि सोनपुर का कालीघाट ऐतिहासिक गज-ग्राह युद्ध की भूमि रही है।
कालीघाट पर भव्य नारायणी महाआरती का आयोजन
इस दौरान मंत्रोचारणों के बीच कालीघाट पर भव्य नारायणी महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें इस आयोजन के प्रेरणा पुरुष जागरण समन्वय गतिविधि के क्षेत्र प्रमुख सुबेदार सिंह, डॉ त्रिभुवन झा, सर्वेश्वर शर्मा, मुकेश कुमार सिंह बबलू, नरेशु सिंह, राम विनोद राय, राकेश कुमार सिंह, लाल बाबू कुशवाहा, कार्यक्रम समन्वयक ज्ञानेंद्र सिंह टुनटुन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन यात्रा आयोजन समिति के महासचिव डॉ आशुतोष कुमार ने किया और धन्यवाद ज्ञापन बिहार सांस्कृतिक विकास परिषद के अध्यक्ष विनोद सिंह सम्राट द्वारा किया गया। इस अवसर पर धर्म जागरण बिहार, संस्कृति विकास परिषद और सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
![]()













Leave a Reply