प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार थाना क्षेत्र के ग्राम दारीद रजक टोला के समीप नव निर्मित फोरलेन सड़क के किनारे स्थित एक खुले कुएं में गिरने से दांतु रहिवासी 55 वर्षीय किशोरी सिंह की 12 अप्रैल को दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक सिंह किसी कार्य से उक्त मार्ग से गुजर रहे थे, तभी असुरक्षित और खुले पड़े कुएं में गिर गए, जिससे उनकी डूबकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय रहिवासी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग के प्रति नाराजगी जताई। रहिवासियों का कहना है कि फोरलेन सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई है, जिससे इस तरह की घटनाएं हो रही है। ग्रामीणों के साथ हुई बैठक में यह सहमति बनी कि मृतक के परिजनों को शीघ्र सरकारी मुआवजा दिलाया जाए।
साथ ही संबंधित अधिकारियों को इस घटना से अवगत कराकर मुआवजा दिलाने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई। स्थानीय रहिवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि खुले कुओं और अन्य खतरनाक स्थलों को जल्द से जल्द सुरक्षित किया जाए, ताकि आगे ऐसी दु:खद घटनाएं न हो।
![]()













Leave a Reply