सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में सेल के किरीबुरू आयरन ओर माइंस द्वारा 12 अप्रैल को फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल अभियान के तहत भव्य मिनी साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया।
यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सकारात्मक जीवन शैली का संदेश देने वाला जन-जागरूकता अभियान बनकर उभरा। सुबह की ताजगी और पहाड़ों की हरियाली के बीच सैकड़ों साइकिलों की गूंज ने पूरे क्षेत्र को उत्सवमय बना दिया। इस कार्यक्रम में सेल कर्मचारियों से लेकर स्कूली बच्चों तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8:30 बजे किरीबुरू फुटबॉल मैदान से किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में धीरेन्द्र मिश्रा (सीजीएम, एचआर, झारखंड खान समूह), राम सिंह (महाप्रबंधक, किरीबुरू), नवीन कुमार सोनकुश्रे (महाप्रबंधक, झारखंड खान समूह) और अमित कुमार विश्वास (महाप्रबंधक, एचआर, किरीबुरू-मेघाहातुबुरु) उपस्थित रहे। उपरोक्त अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर साइक्लोथॉन की शुरुआत की।
दर्जनों साइकिलों का काफिला फुटबॉल मैदान से निकलकर आर्चरी ग्राउंड होते प्रॉस्पेक्टिंग क्षेत्र तक पहुंचा। इस मिनी साइक्लोथॉन की खास बात यह रही कि इसमें हर आयु वर्ग के रहिवासियों, सेल अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्रा और स्थानीय युवा ने भाग लेकर फिटनेस को जन-आंदोलन बनाने का संदेश दिया।
मौके पर महाप्रबंधक राम सिंह ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास संभव है। कहा कि आधुनिक जीवन शैली में हम साइकिल से दूर हो गए हैं, जबकि इसे अपनाना समय की जरूरत है। वहीं, सीजीएम धीरेन्द्र मिश्रा ने साइक्लिंग को फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक बचत का प्रभावी माध्यम बताया। महाप्रबंधक नवीन कुमार सोनकुश्रे ने इसे ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि पहली बार एचआर विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में भारी जनभागीदारी यह दर्शाती है कि समाज अब स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूक हो रहा है।

उन्होंने कहा कि आज जब दुनिया जलवायु परिवर्तन और वायु प्रदूषण जैसी समस्याओं से जूझ रही है, ऐसे में साइक्लिंग को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है। इसके प्रमुख लाभों में कार्बन उत्सर्जन में कमी, वायु प्रदूषण नियंत्रण, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और हरित जीवनशैली को बढ़ावा शामिल है। कहा कि खनन क्षेत्र होने के कारण किरीबुरू में इस तरह की पहल और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के छात्रों की भागीदारी ने इसे और जीवंत बना दिया। प्रतियोगिता के अंत में अलग-अलग वर्गों के उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। विजेताओं ने अपने प्रदर्शन से यह साबित किया कि फिटनेस के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है। इस सफल आयोजन में गीता कुमारी (सहायक महाप्रबंधक, एचआर), प्रवीण मीणा, सी के बिस्वाल, अनिल कुमार, करुणाकर महतो, नमित मिश्रा, विजय गुप्ता, सूरज सिंह और जॉन पूर्ति सहित अनेक अधिकारियों व कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी ने मिलकर इस कार्यक्रम को एक जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में सराहनीय प्रयास किया।
![]()













Leave a Reply