Advertisement

प्राथमिक विद्यालय चट्टी में पोशाक वितरण, बच्चों के चेहरे पर हर्ष

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय चट्टी में 11 अप्रैल को बच्चों के बीच पोशाक (यूनिफॉर्म) का वितरण किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक सादगीपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं के बीच पोशाक वितरित की गई। पोशाक पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने उत्साह के साथ नए कपड़े प्राप्त किए।

पोशाक वितरण कार्यक्रम में कसमार पंचायत के पूर्व सरपंच एस.के. सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को पोशाक प्रदान करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में आगे बढ़ने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही पोशाक योजना से गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों को काफी मदद मिलती है। कहा कि सभी अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें।

पंचायत की वार्ड सदस्या सेवा देवी ने कहा कि इस तरह की योजनाएं बच्चों को स्कूल से जोड़ने में अहम भूमिका निभाती हैं। बच्चों को जब समय पर पोशाक एवं अन्य सुविधाएं मिलती हैं, तो उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता है। जानकारी देते हुए विद्यालय के सचिव प्रीतम कुमार ने बताया कि पोशाक वितरण से बच्चों में विद्यालय के प्रति लगाव बढ़ता है और उनकी उपस्थिति में भी सुधार होता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें, ताकि वे बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सकें।

मौके पर विद्यालय के अन्य शिक्षकगण, अभिभावक एवं ग्रामीण रहिवासी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित संपन्न हो गया। मौके पर सुभाष चंद्र ठाकुर एवम् बच्चो के अभिभावकगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *