एस. पी. सक्सेना/बोकारो। केंद्रीय विद्यालय के निर्देश के आलोक में 10 अप्रैल को केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में तरुणोत्सव कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया।
विद्यालय परिसर में आयोजित तरुणोत्सव में सर्वप्रथम विद्यालय के प्राचार्य डॉ बी आर डे ने दीप प्रज्वलित कर व मॉं सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। तत्पश्चात् विज्ञान शिक्षिका सोनिया कर्ण ने तरूणोत्सव कार्यक्रम के विषय में विस्तार से बताया।
ज्ञात हो कि, आयोजित कार्यक्रम में कक्षा दस के विद्यार्थियों का मार्गदर्शन और परामर्श किया जाता है, जिससे वे भविष्य में विषय व संकाय का सही चयन कर सकें।
कार्यक्रम के पश्चात शिक्षिका स्वाति मलिका कुजुर ने मूल्यांकन पद्धति व विज्ञान विषय के चयन पर प्रकाश डाला। इसके उपरांत सना परवीन ने मानविकी विषय चयन, विद्यार्थी की रूचि आदि विषय पर प्रकाश डाला। शिक्षिका बेला तिर्की ने पुस्तकालय विज्ञान विषय में करियर पर विचार व्यक्त किए। हिन्दी शिक्षक मोहम्मद इमरान ने सामाजिक दबाव, विद्यार्थी की अभिरुचि, अभिभावक की महत्वकांक्षा आदि विषय पर विचार प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ बी आर डे ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में तरूणोत्सव कार्यक्रम की सार्थकता, उद्देश्य, उपयोगिता एवं महत्व पर विस्तृत मार्गदर्शन किया। डॉ डे ने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों पर अनावश्यक दबाव न डालें। उन्हें स्वतंत्र रूप से विषय व संकाय चयन करने दें। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें विभिन्न संकाय में भविष्य में अवसर, आईआईटी, एनआईटी, नीट व क्लैट से अवगत कराया। उन्हें परिश्रम कर अपने सपनों को पूर्ण करने का मार्गदर्शन दिया।
साथ हीं उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्र सेवा कर राष्ट्र निर्माण में योगदान करने के लिए प्रेरित किया एवं उन्हें अच्छा नागरिक बनने का निर्देश दिया। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु अभिभावकों को आश्वासन दिया कि विद्यालय परिवार दृढ़ संकल्प लेकर उत्तरोत्तर विकास एवं सुधार हेतु प्रयासरत है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए व शंका का समाधान प्राप्त किया। अभिभावकों ने भी विचार व्यक्त किए एवं विद्यालय हित में बहुमूल्य सुझाव दिए। कार्यक्रम का संचालन इमरान व् धन्यवाद ज्ञापन सोनिया कर्ण ने किया। सौहार्दपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम संपन्न हो गया, जिसमें अंत में सभी ने एक दूसरे का आभार व्यक्त कर कार्यक्रम का समापन किया।
![]()













Leave a Reply