बीएसएल विस्तारीकरण में पहल करने के लिए जताया आभार
एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड के बोकारो में नवनिर्मित एयरपोर्ट से यात्री विमान का परिचालन प्रारंभ करने और प्रस्तावित अमृतसर कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर को धरातल पर उतारने की मांग को लेकर भाजपा नेता कुमार अमित ने राजधानी रांची स्थित लोकभवन में 10 अप्रैल को राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात की।
भाजपा नेता कुमार अमित ने इस सम्बन्ध में राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा तथा इस सम्बन्ध में विशेष पहल करने की मांग की। उन्होंने बोकारो स्टील प्लांट के स्थगित विस्तारीकरण को प्रारम्भ करने में लोकभवन द्वारा महत्वपूर्ण पहल करने हेतु राज्यपाल संतोष गंगवार को मोमेंटो देकर बोकारोवासियों की ओर से आभार प्रकट किया। उन्होंने राज्यपाल से कहा कि सौ करोड़ की लागत से तैयार बोकारो एयरपोर्ट से यात्री विमान के परिचालन प्रारंभ नहीं होने से नवनिर्मित आधारभूत संरचना रख रखाव के अभाव में ख़राब हो रहा है। बोकारो सहित आसपास की जनता बेसब्री से यहां यात्री विमान का परिचालन प्रारंभ होने का इंतजार कर रही है। कहा कि इससे यहां विकास का मार्ग भी प्रशस्त होगा। इसी प्रकार बोकारो में प्रस्तावित अमृतसर कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के धरातल पर आने से यहां के विकास को गति और युवाओं को रोजगार मिलेगा।
भाजपा नेता अमित ने राज्यपाल को बोकारो स्टील सिटी कॉलेज, चास कॉलेज सहित जिलों के अन्य कॉलेज भवनों की जर्जर स्थिति से अवगत कराते हुए इन कॉलेजों में नए भवन निर्माण और अध्यापको की कमी को दूर करने के लिए नियुक्ति प्रक्रिया तेज करने की मांग की। राज्यपाल ने उपरोक्त विषयों को गम्भीरता से लेते हुए इस दिशा में आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उनके साथ बोकारो वेलफेयर सिविल सोसाइटी के अतुल सिंह और विस्थापित नेता शिवप्रसाद उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply