कार्रवाई में 4 लाख जुर्माना; नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई-डीटीओ
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के बगियारी क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे निर्माण के नाम पर हो रहे ओवरलोडिंग के खेल का बड़ा खुलासा हुआ है।
परिवहन विभाग द्वारा 10 अप्रैल को चलाए गए विशेष अभियान में एचजी इंफ्रा से जुड़े 8 ओवरलोड हाईवा वाहनों को जब्त किया गया, वहीं कुल 4 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। यह कार्रवाई जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) मारुति मिंज के नेतृत्व में की गई।
बताया जाता है कि वाहन जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जिन वाहनों की निर्धारित क्षमता 25 से 30 टन थी, उनमें 45 टन से अधिक माल लादा जा रहा था। इतना ही नहीं, कई वाहनों का फिटनेस प्रमाण पत्र समाप्त हो चुका था, बावजूद इसके वे सड़कों पर बेधड़क दौड़ रहे थे। साथ ही, वाहनों में लदे निर्माण सामग्री को बिना ढंके ले जाया जा रहा था, जिससे उड़ती धूल के कारण आसपास के ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पर रहा था।
डीटीओ मारुति मिंज ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि राष्ट्रीय परियोजना के नाम पर नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो भी नियम तोड़ेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रदूषण प्रभावित क्षेत्र के स्थानीय रहिवासियों का कहना है कि ओवरलोडिंग के कारण गांव की सड़कें तेजी से टूट रही हैं और इससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। धूल और प्रदूषण से उनके स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
परिवहन विभाग ने संबंधित कंपनी और उसके वेंडर्स को कड़ी चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि यदि नियमों का पालन नहीं किया गया तो उनके वाहनों के परमिट तक रद्द किए जा सकते हैं। विभाग के इस कार्रवाई के बाद ओवरलोड और अनफिट वाहनों का संचालन करने वाले वाहन मालिकों और संचालकों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने संकेत दिया है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि सड़क सुरक्षा और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
![]()













Leave a Reply