सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। वन प्रमंडल पदाधिकारी सारंडा वन प्रमंडल एवं संलग्न पदाधिकारियों के निर्देशानुसार सारंडा कला मंच गुआ साईं के स्थानीय कलाकारों द्वारा क्षेत्र के विभिन्न गाँवों में वन अग्नि रोकथाम हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इस क्रम में विचाईकिरी, हिरजीहाटिंग एवं नूईया गाँव में ग्रामीणों की उपस्थिति में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से 10 अप्रैल को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वन अग्नि की रोकथाम, वन्य जीवों की सुरक्षा तथा जंगल संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण संदेश रहिवासियों तक पहुँचाए गए तथा ग्रामीणों को इन विषयों पर शपथ भी दिलाई गई। यह कार्यक्रम संलग्न पदाधिकारी राहुल कुमार की देखरेख में संपन्न किया गया, जिसमें वन कर्मी छोटेलाल मिश्रा, कमल कृष्ण महतो, समित बनर्जी एवं आनंद किशोर बारला सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।

मौके पर वन क्षेत्र पदाधिकारी परमानंद रजक ने अग्नि से वन के बचाव के संदर्भ में जानकारी देते हुए बताया कि गर्म, शुष्क और तेज़ हवा वाले मौसम में आग या चिंगारी से जुड़े किसी भी काम से बचें। कहा कि अगर मौसम अनुकूल न हो, तो ज्वलनशील पदार्थों का इस्तेमाल न करें। याद रखें, आग जलाने, उपकरण चलाने, सूखी घास पर ऑफ-रोडिंग करने या मलबा जलाने जैसे किसी भी आग से संबंधित काम के लिए मौसम और स्थानीय प्रतिबंधों का ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि अक्सर सारंडा क्षेत्र में स्थानीय रहिवासी अपनी लापरवाही नासमझी के कारण वनों में आग लगा देते हैं।

आयोजित कार्यक्रम में, स्थानीय कलाकारों की टीम सुशील पूर्ती एवं लंका पूर्ति के नेतृत्व में वन क्षेत्र के सभी गाँवों में लगातार जागरूकता अभियान को संचालित कर रही है। वन विभाग द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाने एवं जंगलों को आग से सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
![]()













Leave a Reply