Advertisement

उपायुक्त के संदेश के साथ डीपीएस चास का 9वां स्थापना दिवस समारोह संपन्न

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चास स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) का 9वां स्थापना दिवस 9 अप्रैल को हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया। स्थापना दिवस समारोह में बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, छात्र-छात्रा एवं अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित गणमान्य जनों का दिल जीत लिया। नृत्य, गीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं है, बल्कि बच्चों के अंदर अच्छे संस्कार, चरित्र निर्माण और नैतिक मूल्यों का विकास करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि डीपीएस चास शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सराहनीय कार्य कर रहा है।

विद्यालय के प्राचार्य ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों एवं आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्कूल लगातार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से छात्रों को बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर कर रहा है। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया एवं सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ समारोह का समापन किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *