Advertisement

प्लस टू शिक्षक संघ की बैठक में वरीय वेतनमान के लिए प्रयास तेज करने का संकल्प

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड+2 शिक्षक संघ बोकारो जिला इकाई की एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन (आभासी) बैठक 8 अप्रैल को आयोजित की गई। बैठक में बारह वर्ष की सेवा पूरी कर चुके वरीय वेतनमान के पात्र पीजीटी शिक्षकों के मुद्दे पर गंभीर चर्चा की गयी। बैठक की अध्यक्षता संघ के जिला उपाध्यक्ष डॉ शशिकांत पांडेय जबकि संचालन जिला सचिव डॉ अवनीश कुमार झा एवं मार्गदर्शन जिला संरक्षक डॉ अजय कुमार पाठक ने किया।

आभासी बैठक में जिले के विभिन्न +2 विद्यालयों से जुड़े शिक्षक प्रतिनिधियों ने एक स्वर में वरीय वेतनमान की प्राप्ति के लिए संगठनात्मक प्रयासों को और मजबूत करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि जिन पीजीटी शिक्षकों ने बारह वर्षों की सेवा पूरी कर ली है, उन्हें शीघ्र वरीय वेतनमान का लाभ मिलना चाहिए।

संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों की जायज मांगों की अनदेखी न केवल शिक्षक समुदाय बल्कि उनके परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालती है। इस दिशा में निदेशक, माध्यमिक शिक्षा झारखंड सरकार सहित राज्य के मंत्री एवं विधायकों से संपर्क कर जल्द समाधान निकालने का निर्णय लिया गया।

आभासी बैठक में +2 उच्च विद्यालय पेटरवार के दिनेश चंद्र, +2 उच्च विद्यालय गोमिया के चंद्र भूषण पांडेय, श्रमिक +2 उच्च विद्यालय तुपकाडीह के प्रभारी प्रधानाध्यापक श्रृष्टिधर महतो, +2 उच्च विद्यालय नावाडीह के राजेश कुमार यादव एवं पंचानन राजबाला, +2 उच्च विद्यालय सतनपुर के पवन कुमार तिवारी सहित कई शिक्षक शामिल रहे।

आभासी संघ के बोकारो जिलाध्यक्ष पंकज कुमार सिंह, प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी गौरव कुमार दुबे, रामबाबू शुक्ल समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने वरीय वेतनमान को लेकर किए जा रहे प्रयासों का स्वागत करते हुए इसे शिक्षकों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *