Advertisement

एशियन लॉन बॉल चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में बोकारो की रेशमा व् सौरभ

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड और खासकर बोकारो जिले के लिए गर्व की बड़ी खबर सामने आई है।

17वीं एशियन लॉन बॉल चैंपियनशिप 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए बोकारो की प्रतिभाशाली खिलाड़ी रेशमा कुमारी और सौरभ सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल मुकाबला जीत लिया है। इस जीत के साथ ही दोनों खिलाड़ियों ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।

उपरोक्त दोनों खिलाड़ियों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से पूरे बोकारो और झारखंड में खुशी की लहर है। यह उपलब्धि न केवल जिले बल्कि पूरे राज्य के लिए गौरव का विषय बन गई है। खेल प्रेमियों और स्थानीय रहिवासियों ने इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के प्रति भी आभार व्यक्त किया गया है, जिनके नेतृत्व में राज्य में खेल और खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहन मिल रहा है। बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने खिलाड़ियों के इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि रेशमा और सौरभ ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से पूरे झारखंड को गौरवान्वित किया है।

यह सफलता आने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। कहा कि जिला प्रशासन हमेशा खिलाड़ियों के विकास और प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को सेमीफाइनल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूरे जिले की दुआएं आपके साथ है। अब सभी की निगाहें सेमीफाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां यह जोड़ी अपनी जीत के साथ भारत के लिए पदक की उम्मीद को और मजबूत करेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *