इशिका बनीं संस्थान टॉपर, छात्राओं को स्मृति चिन्ह व् मेडल देकर किया गया सम्मानित
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के निकटवर्ती वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर के स्थानीय एसपी कोठी स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान बुद्धा स्पार्क क्लासेस द्वारा बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) 2026 की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए 6 अप्रैल को भव्य मेधा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस गौरवमयी समारोह में सफल विद्यार्थियों की उपलब्धि का उत्सव मनाया गया और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए प्रोत्साहित किया गया।
संस्थान के निदेशक आलोक कुमार ने परिणामों पर हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि इस वर्ष भी संस्थान के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कहा कि मुख्य उपलब्धियों में इशिका सिंह 90 प्रतिशत अंकों के साथ संस्थान की टॉपर बनीं। उन्हें हिंदी विषय में 96 प्रतिशत और संस्कृत विषय में 89 प्रतिशत अंक मिला। इसी क्रम में संस्थान की छात्रा सुप्रिया कुमारी ने 86.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया। जबकि रवीना कुमारी ने 84 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संस्थान का नाम रोशन किया।
प्रोत्साहन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में वैशाली जिला कुशवाहा संघ के महासचिव अनिलचंद्र कुशवाहा उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि हाजीपुर की इन बेटियों ने सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के परिवर्तन का आधार है। विशिष्ट अतिथियों में शामिल हरिहरक्षेत्र जन जागरण मंच के अध्यक्ष सतीश कुमार प्रसाद साह, महासचिव अमरनाथ तिवारी, वार्ड पार्षद अनामिका पूजा, ब्लॉगर सपना कुमारी और समाजसेविका रेखा ने सफल छात्र-छात्राओं को मेडल, अंग वस्त्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर संस्थान के शिक्षक आचार्य मिथिलेश शास्त्री ने हिंदी और संस्कृत में शानदार अंक लाने पर इशिका सिंह की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को संस्कृत के प्रति रुचि बढ़ानी चाहिए, ताकि हमारी गौरवशाली भाषा का संरक्षण हो सके। शिक्षक बादल कुमार और बीरकांत कुमार ने भी विद्यार्थियों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग की प्रशंसा की। निदेशक आलोक कुमार ने कहा कि हमारा संकल्प केवल परीक्षा पास कराना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना है। समारोह के अंत में निदेशक ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी और शहर के गणमान्य उपस्थित थे, जिन्होंने मेधावी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
![]()













Leave a Reply