Advertisement

हरिहरनाथ-मुक्तिनाथ सांस्कृतिक यात्रा को लेकर प्रचार रथ रवाना, 13 अप्रैल से शुभारंभ

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। आगामी हरिहरनाथ- मुक्तिनाथ सांस्कृतिक यात्रा के भव्य और सफल आयोजन के लिए 5 अप्रैल को सारण जिला के हद में सोनपुर के तपोभूमि सबलपुर संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर से प्रचार रथ को भगवा झंडा दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ सोनपुर के विभिन्न गांवों और शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर श्रद्धालुओं को इस पावन यात्रा से जुड़ने और सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करेगा।

​प्रचार रथ को रवाना करने से पूर्व मंदिर परिसर में विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। आयोजन समिति के अनुसार, इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और नेपाल के पौराणिक इतिहास और प्राचीन सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ करना है। यात्रा के माध्यम से दोनों देशों के श्रद्धालुओं के बीच आत्मीयता और सद्भावना का संदेश प्रसारित किया जाएगा।

आयोजन समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह पवित्र यात्रा आगामी 13 अप्रैल से प्रारंभ होगी। पहले दिन सोनपुर के काली घाट पर धर्मसभा और भव्य नारायणी महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कई गणमान्य शिरकत करेंगे। इस दौरान देश के प्रख्यात कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र होंगी।

बताया गया कि मुख्य यात्रा का विधिवत शुभारंभ 14 अप्रैल को बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद होगा। विभिन्न पड़ावों से गुजरते हुए यह शोभा यात्रा 18 अप्रैल को नेपाल स्थित प्रसिद्ध मुक्तिनाथ मंदिर पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु विशेष पूजा-अर्चना करेंगे।

इस अवसर पर मुख्य रूप से नगर उपाध्यक्ष बिनोद सिंह सम्राट, यात्रा संयोजक अजीत कुमार, महासचिव डॉ आशुतोष कुमार, बिहार विधान पार्षद राजेंद्र गुप्ता, भाजपा नेता संजय सरावगी, पूर्व मंत्री संतोष सिंह, विधान पार्षद जीवन कुमार, पूर्व राज्यसभा सांसद गोपाल नारायण सिंह, आचार्य रौशन कुमार पांडेय, मुकेश कुमार पाठक, यशवंत कुमार, अभिमन्यु कुमार सिंह, संत रविदास, आचार्य हेमंत त्रिपाठी, करणजीत सवारियां, सतीश कुमार सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने सभी भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में इस पवित्र यात्रा में शामिल होने की अपील की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *