प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के मधुकरपुर पंचायत के सामाजिक कार्यकर्ता ईश्वर रजक के पिता एवं पूर्व पंचायत समिति सदस्य स्वर्गीय गंगाधर बैठा के श्राद्ध कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य जनों की उपस्थिति रही।
इस दौरान कसमार प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी, खैराचातर के सामाजिक कार्यकर्ता ज्ञानेश जायसवाल एवं गांव खैराचातर की पूर्व पंचायत समिति सदस्य स्वर्णालता जायसवाल सहित कई गणमान्य जनों ने पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्राद्ध कार्यक्रम के अवसर पर उपस्थित जनों ने स्वर्गीय बैठा के व्यक्तित्व एवं उनके सामाजिक कार्यों को याद करते हुए कहा कि वे एक सरल, मिलनसार और समाज के प्रति समर्पित इंसान थे। उनके निधन से क्षेत्र में एक अपूरणीय क्षति हुई है।
इस अवसर पर सबसे पहले कसमार प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि गंगाधर बैठा समाज के एक सम्मानित और समर्पित व्यक्तित्व थे।
उनका निधन क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल दें। सामाजिक कार्यकर्ता ज्ञानेश जायसवाल ने कहा कि दिवंगत बैठा हमेशा समाज के हित में कार्य करते रहे। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है और उनका योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। स्वर्णालता जायसवाल ने अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि वे जनता के सच्चे सेवक थे। उनके जाने से समाज को बड़ी क्षति हुई है, जिसकी भरपायी निकट भविष्य में संभव नहीं है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। मौके पर केदारनाथ महतो, अर्जुन महतो, सुभाष चंद्र ठाकुर, लोकेश कुमार डे सहित अन्य उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply