Advertisement

क़र्बला मैदान जंगल में नीम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव

प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। क़र्बला मैदान के जंगल में स्थित नीम के पेड़ से एक 18 वर्षीय युवक का शव लटकता बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत परीक्षण के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के हद में रविदास टोला में एक ओर जहाँ घर में बड़े भाई की शादी की तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही थीं, वहीं दूसरी ओर छोटे भाई की मौत की खबर ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। घटना अति सुदूरवर्ती क्षेत्र तुसको कर्बला मैदान के पास की बतायी जा रही है।

बताया जाता है कि जंगल में चतरोचट्टी रविदास टोला रहिवासी जमुना रविदास के छोटे पुत्र 18 वर्षीय सतीश कुमार का शव नीम के पेड़ से लटका पाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक के बड़े भाई राजकुमार रविदास का विवाह आगामी 21 अप्रैल को तय था। इस अनहोनी ने परिवार की सारी खुशियाँ छीन ली हैं। युवक की अचानक मौत से गांव में सन्नाटा पसरा है।

बताया जाता है कि महुआ चुनने वाली महिलाओं ने पेड़ से लटकता शव को सबसे पहले देखा। अहले सुबह गाँव की महिलाएं जब महुआ चुनने जंगल पहुंची थी तो सबसे पहले उन्हीं ने शव को पेड़ से लटका देखा, जिसके बाद हो हल्ला करना शुरू किया। देखते देखते आसपास के रहिवासियों की भीड़ जमा हो गई और घटना की सूचना स्थानीय चतरोचट्टी थाना पुलिस को दी गई।

पुलिस के पहुँचने से पूर्व मृतक के स्वजनों ने शव को पेड़ से उतार लिया था। जब घटनास्थल पर पुलिस पहुंची। पुलिस के अनुसार शव की तलाशी लेने पर युवक की जेब से गांजा और कफ सिरप की दो छोटी बोतल बरामद की गयी। वहीं एक स्मार्ट फोन, घटना में प्रयुक्त नई रस्सी को भी बरामद किया गया। मृतक के पिता जमुना रविदास, मां सुमन देवी के द्वारा हत्या जैसी घटना से इनकार के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर शव को कब्जे में लेकर अंत परीक्षण के लिए अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट भेज दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *