रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के पूर्व कर्मचारियों का एक प्रतिनिधिमंडल 4 अप्रैल को सांसद प्रतिनिधि दिनेश कुमार नायक के नेतृत्व में धनबाद सांसद ढुल्लू महतो से मिला और लाइसेंस पर आवास आवंटन से जुड़ी समस्याओं को विस्तार से रखा।
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद महतो को बताया कि उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए आवास आवंटन के लिए आवेदन दिया था। सिक्यूरिटी मनी सहित अन्य आवश्यक राशि भी जमा कर दी गई थी और उन्हें अलॉटमेंट लेटर भी प्राप्त हो चुका था। बावजूद इसके दोबारा अलग से नोटिस भेजे जाने से वे असमंजस और परेशानी में हैं।
पूर्व कर्मचारियों का कहना है कि सभी शर्तों का पालन करने और पूर्व में मिले निर्देशों का अनुपालन करने के बावजूद बीएसएल प्रबंधन द्वारा बार-बार नोटिस जारी किया जाना उचित नहीं है। इससे उन्हें मानसिक और आर्थिक दोनों तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सांसद से हस्तक्षेप कर मामले का स्थायी समाधान कराने की मांग की।
धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा एवं बीएसएल के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन से दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूर्व कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। साथ ही जल्द ही संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्णय लेने की बात कही।
मौके पर शंकर प्रसाद सिंह, शंकर लाल गोप, आर. ए. लाल, अरविन्द कुमार सिन्हा, दिनेश कुमार, शिबू सिंह, गोपाल कुमार सिंह, रमाकांत राम, श्याम प्रसाद महतो, पी. आर. साहू, दिनेश प्रसाद सिंह, परशुराम साहू, भीम चंद्र कुम्भकार, बसंत कुमार महतो सहित दर्जनों सेवानिवृत्त कर्मचारीगण मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply