Advertisement

चाकुलिया पंचायत में डीसी का निरीक्षण, योजनाओं में पारदर्शिता व् तेजी के निर्देश

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने 4 अप्रैल को जिला के हद में चास प्रखंड के चाकुलिया पंचायत का दौरा कर मनरेगा सहित विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लेते हुए अधिकारियों को पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान डीसी झा ने प्रतिमा देवी, केरावती देवी तथा जिगनीबाला देवी के अबुआ आवास, लालदेव सिंह के बिरसा सिंचाई कूप, घनश्याम सिंह चौधरी व संजय कुमार महथा की आम बागवानी तथा निरूपदा देवी के गव्य पालन शेड का अवलोकन किया। उन्होंने लाभुकों से संवाद कर समस्याएं जानीं और योजनाओं का बेहतर लाभ उठाने को प्रेरित किया।

इस अवसर पर डीसी ने पंचायत कार्यालय में अभिलेखों की जांच कर वित्तीय अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही महिला समूह गठन, सब्जी उत्पादन व आम बागवानी को बढ़ावा देने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने चास प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण कर साफ-सफाई व कार्यप्रणाली सुधारने को कहा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *