Advertisement

डीपीएस पहुंची आईएएस अपूर्वा, छात्रों को दिए सफलता के टिप्स

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। आईपीएस से आईएएस बनीं डीपीएस बोकारो की पूर्व छात्रा अपूर्वा वर्मा लंबे समय बाद अपने स्कूल पहुंचीं और विद्यार्थियों को सफलता के मंत्र दिए।

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) सिविल सेवा परीक्षा 2025 में देशभर में 42वां रैंक हासिल कर बोकारो जिले में अव्वल रहीं अपूर्वा ने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्रों को प्रेरित किया।

विद्यालय के कालिदास कला भवन में आयोजित अतिथि व्याख्यान में आईएएस अपूर्वा ने कहा कि केवल कड़ी मेहनत ही नहीं, बल्कि स्मार्ट रणनीति भी सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास बनाए रखने और लक्ष्य के प्रति निरंतर समर्पित रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि यूपीएससी की तैयारी में समय प्रबंधन उनकी सबसे बड़ी ताकत रही।

अपने तीसरे प्रयास में सफलता पाने वाली अपूर्वा ने असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेने और कमजोरियों को सुधारने पर जोर दिया। खुले सत्र में उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा शानो-शौकत के लिए नहीं, बल्कि समाज की सेवा का माध्यम है। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ ए.एस. गंगवार ने उनका स्वागत किया। अंत में विद्यालय की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *