Advertisement

कसमार के खैराचातर में जयराज जायसवाल की अनोखी पहल

ज़रूरतमंद बच्चों के बीच जन्मदिन मनाकर युवा ने पेश की प्रेरणादायक मिसाल

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के खैराचातर रहिवासी जय राज जायसवाल ने अपने जन्मदिन को समाज सेवा के रूप में मनाकर क्षेत्र में एक सकारात्मक संदेश दिया है। उन्होंने ज़रूरतमंद बच्चों के बीच अपना जन्मदिन मनाया।

आज के समय में जहां जन्मदिन को होटलों और पार्टियों के साथ मनाने का चलन बढ़ता जा रहा है, वहीं जयराज ने इस परंपरा से हटकर जरूरतमंद बच्चों के बीच खुशियां बांटने का निर्णय लिया। जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के जरूरतमंद बच्चों के बीच कॉपी, पेन, पेंसिल, किताबें सहित शिक्षा सामग्री का वितरण किया। इसके साथ ही बच्चों को नाश्ता पैकेट और फल भी वितरित किए गए, जिससे बच्चों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। शिक्षा सामग्री और नाश्ता पाकर बच्चों के चेहरे पर मुस्कान इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता रही।

अपने जन्मदिन के अवसर पर युवा जयराज ने कहा कि जन्मदिन का असली अर्थ सिर्फ केक काटना और पार्टी करना नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना भी है। उन्होंने कहा कि होटल में पार्टी करने से बेहतर है जरूरतमंदों की मदद करना और अपने दोस्तों को भी ऐसे कार्यों के लिए प्रेरित करना। कहा कि छोटी-छोटी पहल मिलकर समाज में बड़ा बदलाव ला सकती है।

जयराज के इस पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। स्थानीय रहिवासियों ने इसे युवाओं के लिए एक प्रेरणा बताते हुए कहा कि यदि हर इंसान अपने खास दिन को समाज सेवा से जोड़े, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन तेजी से दिखाई देगा। युवा के इस पहल ने न केवल जरूरतमंद बच्चों के लिए मददगार साबित हुई, बल्कि समाज को यह संदेश भी दिया कि सच्ची खुशी दूसरों के साथ खुशियां बांटने में ही मिलती है। जयराज की यह पहल युवाओं के लिए समाज सेवा की एक प्रेरणादायक मिसाल बन गई है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *