अब छपरा नहीं, गांव में होगा हाईटेक इलाज: 5 प्रखंडों में खुलेंगे मॉडल हेल्थ सेंटर
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिले की ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं में एक युगांतरकारी परिवर्तन होने जा रहा है। मुख्यमंत्री सात निश्चय पार्ट थ्री के तहत जिले के पांच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) को मॉडल हेल्थ सेंटर के रूप में अपग्रेड किया जाएगा। इस पहल के बाद अब ग्रामीण मरीजों को प्रसव, जटिल ऑपरेशन और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर नहीं भागना पड़ेगा।
जानकारी के अनुसार योजना के पहले चरण में सारण जिला के पांच प्रमुख प्रखंडों को शामिल किया गया है, जिनमें दरियापुर, दिघवारा, अमनौर, मांझी तथा परसा शामिल हैं। सारण जिला स्वास्थ्य समिति के डीपीएम अरविन्द कुमार ने 4 अप्रैल को बताया कि इन केंद्रों में प्रसव कक्ष (लेबर रूम) और ऑपरेशन थिएटर (ओटी) को पूरी तरह बदल दिया जाएगा। लेबर रूम में एलडीआर बेड, फीटल डॉप्लर, फोटोथेरेपी यूनिट और रेडिएंट वार्मर जैसे आधुनिक उपकरण लगाए जाएंगे। वहीं, ऑपरेशन थिएटर में एनेस्थीसिया वर्कस्टेशन, हाइड्रोलिक ओटी टेबल, डिफिब्रिलेटर और हिस्टेरोस्कोपी जैसी सुविधाएं दी जाएंगी, जिससे स्त्री रोग और जनरल सर्जरी स्थानीय स्तर पर ही सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।

सारण के सिविल सर्जन डॉ राजकुमार चौधरी के अनुसार इस योजना का मुख्य उद्देश्य मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना और जिला मुख्यालय के अस्पतालों पर मरीजों का दबाव कम करना है। उन्होंने बताया कि हमारा लक्ष्य इन केंद्रों को एक आदर्श मॉडल के रूप में स्थापित करना है, ताकि आपातकालीन स्थिति में मरीज को समय पर आधुनिक इलाज मिल सके।
स्थानीय इलाज प्रसव और बड़े ऑपरेशन के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता होगी खत्म
सिविल सर्जन ने बताया कि मुख्यमंत्री सात निश्चय पार्ट थ्री के तहत स्थानीय इलाज, प्रसव और बड़े ऑपरेशन के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता खत्म होगी। आधुनिक उपकरण यथा वेंटिलेटर सपोर्ट, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और अत्याधुनिक मॉनिटर्स की उपलब्धता होगी। इमरजेंसी केयर आपातकालीन स्थिति में त्वरित इलाज से जान बचाने की संभावना बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि गुणवत्ता के साथ ग्रामीण स्तर पर भी अब निजी अस्पतालों जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री सात निश्चय-3 के तहत इस बुनियादी ढांचे के विकास से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण होगा और हर नागरिक को सुलभ एवं सस्ता इलाज सुनिश्चित किया जा सकेगा।
![]()













Leave a Reply