Advertisement

सोनपुर मंडल रेलवे स्टेडियम में क्रिकेट का रोमांच: इंजीनियरिंग व् मेडिकल की जीत

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल मुख्यालय स्थित रेलवे स्टेडियम में 3 अप्रैल को अंतर्विभागीय टी-20 प्रतियोगिता का आगाज किया गया। मैदान पर चौकों-छक्कों की बरसात और विकेटों के पतन के बीच दो बेहद दिलचस्प मुकाबले खेले गए, जहाँ इंजीनियरिंग और मेडिकल विभाग की टीमों ने बाजी मारी।

जानकारी के अनुसार पहले ​मुकाबले में कुंदन की फिरकी और मिथिलेश के बल्ले ने इंजीनियरिंग को एकतरफा जीत दिलाई। मैच में इंजीनियरिंग विभाग ने परिचालन विभाग (ऑपरेटिंग) को 8 विकेट के करारी अंतर से धूल चटाई।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी परिचालन विभाग की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज मनोज (1) और कप्तान पवन (32 रन के कुल योग पर) जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद ऋषिकेश (82 रन) और सरोज (34 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 97 रनों की विशाल साझेदारी कर टीम को संभाला। हालांकि, मध्यक्रम ताश के पत्तों की तरह ढह गया और पूरी टीम निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 147 रन ही बना सकी।

इंजीनियरिंग की ओर से कुंदन ने अपनी फिरकी का जादू बिखेरा और 4 ओवर में महज 23 रन देकर 3 अहम विकेट चटकाए। राजीव को 2 और विकास को 1 सफलता मिली। 148 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंजीनियरिंग टीम को रंजीत (30) और मिथिलेश (नाबाद 56) ने 80 रनों की ठोस ओपनिंग पार्टनरशिप दिलाकर जीत की राह आसान कर दी। अंत में समीर के ताबड़तोड़ 26 रनों की मदद से टीम ने 35 गेंद शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

नाबाद अर्धशतक जड़ने वाले सलामी बल्लेबाज मिथिलेश को उनके मैच जिताऊ प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया। दूसरे मुकाबले में मेडिकल विभाग ने वाणिज्य विभाग के जबड़े से जीत छीन ली। प्रदीप मौर्य की गेंदबाजी पर एक्स्ट्रा रन भारी पर गया। ​दिन का दूसरा मुकाबला सांसें रोक देने वाला रहा, जहाँ मेडिकल विभाग ने वाणिज्य विभाग को महज 1 विकेट से पराजित किया।

​ समय की कमी के कारण मैच 14 ओवरों का रखा गया।
वाणिज्य विभाग ने पहले खेलते हुए कप्तान शुभम (23), आशीष (25) और प्रदीप मौर्य (14) के योगदान से 106 रन बनाए। मेडिकल के गेंदबाज गोपाल ने 2 विकेट लिए। ​आंधी की तरह आए प्रदीप पर मेडिकल ने बाजी अपने नाम कर लिया।

जवाब में मेडिकल की शुरुआत धमाकेदार रही। राजन (38 रन) और नावेंद्र (17) ने पहले विकेट के लिए 61 रन जोड़ दिए थे। लेकिन तभी वाणिज्य विभाग के प्रदीप मौर्य की घातक गेंदबाजी ने मेडिकल के बल्लेबाजी क्रम को झकझोर दिया। टीम के बल्लेबाज एक के बाद एक आउट होने लगे।
​ मैच पूरी तरह फंस चुका था, लेकिन 26 अतिरिक्त रनों और अंतिम ओवरों में ओवर थ्रो ने मेडिकल विभाग का काम आसान कर दिया। बेहद रोमांचक मोड़ पर मेडिकल ने 1 विकेट शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया।

​ शानदार 38 रनों की पारी खेलने वाले राजन को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। ​आज के हीरो रहे मिथिलेश (इंजीनियरिंग) ने शानदार 56 रन ठोके।​ कुंदन (इंजीनियरिंग) (3/23) का घातक स्पैल यादगार रहा।​ राजन (मेडिकल) ने (38 रन) मुश्किल जीत की नींव रखने वाले खिलाड़ी साबित हुए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *