Advertisement

वैशाली महोत्सव समारोह में केंद्रीय मंत्री चिराग ने तेजस्वी पर साधा निशाना

गौरवशाली और अद्वितीय रहा है बिहार की संस्कृति-चिराग पासवान

​अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बीते 2 अप्रैल की देर रात सारण जिले के निकटवर्ती जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर वर्धमान महावीर की जन्मभूमि में आयोजित वैशाली महोत्सव के समापन समारोह में शामिल हुए।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री चिराग ने बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि बिहार की गौरवशाली धरती ने भगवान बुद्ध, भगवान महावीर और माता सीता जैसे महापुरुषों व विभूतियों को जन्म दिया है, जो पूरे विश्व के लिए प्रेरणा का केंद्र है। उन्होंने कहा कि ​इतिहास को जीवंत करने की आवश्यकता है। कहा कि वैशाली महोत्सव जैसे आयोजनों से बिहार के गौरवशाली इतिहास को वैश्विक पटल पर लाने में बड़ी मदद मिलती है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि, हमें अपने स्वर्णिम इतिहास को पुनः जीवंत करने की जरूरत है और दुनिया को यह दिखाने की जरूरत है कि बिहार आज भी हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने का सामर्थ्य रखता है।

​केंद्रीय मंत्री चिराग ने तीन दिवसीय वैशाली महोत्सव के सफल आयोजन के लिए वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह और उनकी पूरी टीम की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि देश के कोने-कोने से आए कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन कर प्रदेश का मान बढ़ाया है।

​विपक्ष पर तीखा हमला: बिहार को गरीब किसने बनाया?

समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के उस बयान पर कड़ी आपत्ति जताई, जिसमें उन्होंने केरल की एक चुनावी सभा में बिहार को गरीब राज्य कहा था। तेजस्वी को आड़े हाथों लेते हुए चिराग ने सवाल किया कि ​तेजस्वी यादव को यह बताना चाहिए कि आखिर बिहार को गरीब बनाने के लिए जिम्मेदार कौन है? वह चुनावी लाभ के लिए बिहार की छवि खराब कर रहे हैं। उनकी सोच और जातिगत समीकरणों की राजनीति ने ही बिहार की स्थिति को बिगाड़ा है और समाज को बांटने का काम किया है।

​कार्यक्रम की शुरुआत में जिला प्रशासन द्वारा केंद्रीय मंत्री समेत सभी विशिष्ट अतिथियों को शॉल और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंत्री के साथ मंच पर कई प्रमुख चेहरे मौजूद थे, जिनमें पीएचईडी मंत्री
​संजय सिंह, गन्ना उद्योग मंत्री ​संजय पासवान,​ हाजीपुर विधायक अवधेश सिंह, जिलाधिकारी वैशाली वर्षा सिंह के अलावा ​कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की बड़ी उपस्थिति ने समारोह की गरिमा को और बढ़ा दिया। अंत में चिराग पासवान ने महोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी को साधुवाद दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *