Advertisement

विरासत व् आधुनिकता का संगम: बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय पर्यटकों के स्वागत को तैयार

सीएम नीतीश ने किया नवनिर्मित बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय सह स्मृति स्तूप का भ्रमण

​अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार के मुख्यमंत्री (सीएम) नीतीश कुमार ने 3 अप्रैल को सारण जिला के निकटवर्ती वैशाली जिले में नवनिर्मित बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय सह स्मृति स्तूप का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने न केवल परिसर की भव्यता का अवलोकन किया, बल्कि पर्यटन सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर सीएम नीतीश ने स्मृति स्तूप से प्राचीन धातु स्तूप तक जाने वाले मार्ग का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने परिसर में स्थापित शिलापट्टों पर अंकित बौद्ध प्रतीकों और उपदेशों का गहराई से अवलोकन किया। इसके उपरांत, स्मृति स्तूप के भू-तल पर भगवान बुद्ध की पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

​भ्रमण के दौरान सीएम ने कहा कि वैशाली एक ऐतिहासिक और पौराणिक भूमि है। उन्होंने परिसर के निर्माण और पर्यावरण अनुकूल वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि ​यह स्थल वैशाली को वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान दिलाएगा। इससे न केवल हमारी संस्कृति का संरक्षण होगा, बल्कि पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार भगवान बुद्ध से जुड़े सभी महत्वपूर्ण स्थलों को एक सर्किट के रूप में विकसित कर रही है। अब पर्यटक राजगीर, पटना, वैशाली और केसरिया होते हुए कुशीनगर तक की सुगम यात्रा कर सकेंगे।

सीएम के ​इस महत्वपूर्ण दौरे को सफल बनाने के लिए वैशाली के जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह के नेतृत्व में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 125 दंडाधिकारियों और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पार्किंग, पेयजल और चिकित्सा जैसी बुनियादी सुविधाओं की निगरानी स्वयं जिलाधिकारी द्वारा की जा रही थी।

​इस अवसर पर बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विधायक सिद्धार्थ पटेल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव अनुपम कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि, कला संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार सहित तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह, जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह, पुलिस अधीक्षक वैशाली विक्रम सिंह व् अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *