रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला तैलिक समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक 30 मार्च को जिला के हद में भामासाह धर्मशाला जेनामोड़ में आयोजित किया गया। अध्यक्षता समाज के बोकारो जिलाध्यक्ष बिनेश नायक ने की।
बैठक में समाज के विभिन्न पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक के दौरान बड़कागांव की कांग्रेस की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के माता-पिता के साथ पुलिस प्रशासन द्वारा कथित रूप से किए गए अपमान एवं उनके आवास को तोड़े जाने की घटना की कड़ी निंदा की गई। वक्ताओं ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। खासकर तब जब अंबा प्रसाद के माता-पिता स्वयं भी कांग्रेस के पूर्व विधायक रह चुके हैं।
बैठक में समाज के महासचिव किशुन नायक ने कहा कि यह कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और इससे समाज में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक के साथ इस प्रकार का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। घटना के दोषियों पर उचित कार्रवाई होनी चाहिए। पूर्व अध्यक्ष सहदेव साव ने कहा कि प्रशासन का यह रवैया निंदनीय है। इससे प्रशासन पर आम जनता का विश्वास कमजोर होता है। उन्होंने कहा कि अगर इस मामले में निष्पक्ष जांच नहीं हुई, तो समाज आगे आंदोलन करने को बाध्य होगा।
अजय कुमार नायक ने कहा कि जिस प्रकार से एक सम्मानित परिवार को निशाना बनाया गया है, वह पूरी तरह से गलत है। इससे समाज में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप कर न्याय सुनिश्चित करने की मांग की। श्यामानंद नायक ने कहा कि यह घटना कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को निष्पक्षता के साथ काम करना चाहिए, न कि किसी दबाव में आकर कार्रवाई करनी चाहिए।

परमेश्वर नायक ने कहा कि निर्दोष रहिवासियों को प्रताड़ित करना लोकतंत्र के लिए घातक है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही न्याय नहीं मिला, तो समाज के तमाम जन सड़कों पर उतरने को बाध्य होंगे। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की चुप्पी पर भी सवाल उठाए।
वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री का इस मुद्दे पर मौन रहना कहीं न कहीं इस प्रकार की कार्रवाई को बढ़ावा देने का संकेत देता है। अंत में समाज द्वारा एक स्वर में इस घटना की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गयी। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। मौके पर आशा देवी, नगेंद्र कुमार, गोपाल साव, ज्योति लाल महतो, राजकुमार महतो आदि समाज के दर्जनों गणमान्य मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply