Advertisement

जनता दरबार में 45 से अधिक मामलों की सुनवाई व् त्वरित निष्पादन के निर्देश

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय सभागार में 20 मार्च को हम आपको सुनते हैं (जनता दरबार) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार ने आम जनता की समस्याओं पर क्रमवार सुनवाई की।

जिला जनसंपर्क विभाग के अनुसार आयोजित जनता दरबार के दौरान जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे 45 से अधिक आवेदकों की समस्याओं एवं शिकायतों पर गंभीरता से विचार किया गया। डीडीसी ने प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को अग्रसारित करते हुए शीघ्र जांच कर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बताया जाता है कि जनता दरबार में जिला के हद में बाकसपुरा, बहादुरपुर रहिवासी अंकित अपने पिता के साथ पहुंचे। उन्होंने सांस लेने में हो रही परेशानी से अवगत कराया। डीडीसी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

आयोजित जनता दरबार में जेएसएलपीएस, चास अंचल, शिक्षा विभाग, राजस्व विवाद, सामाजिक सुरक्षा समेत विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। सभी मामलों पर क्रमवार सुनवाई करते हुए त्वरित समाधान की दिशा में पहल की गई। मौके पर सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सुचिता किरण, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, परियोजना पदाधिकारी मानिकचंद्र प्रजापति सहित अन्य उपस्थित थे।

ज्ञात हो कि बोकारो जिला उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले के सभी प्रखंड सह अंचल कार्यालयों में भी जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी द्वारा स्थानीय स्तर पर प्राप्त आवेदनों की सुनवाई की गई। जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव था, उनका तत्काल निष्पादन किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *