Advertisement

विश्व मुख स्वास्थ्य दिवस पर स्वास्थ्य संस्थानों में स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन

जन्म से लेकर हर उम्र तक के मरीज अपने मुख की स्वास्थ्य देखभाल करे-सिविल सर्जन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। विश्व मुख स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर 20 मार्च को बोकारो के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में दांत व् मसूड़ों की जांच की गयी। साथ हीं सभी को मुख की बेहतर सफाई के प्रति आमजनों को जागरूक किया गया।

जानकारी के अनुसार बोकारो के सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद के निर्देश में मनाए जा रहे विश्व मुख स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम के तहत जिला के हद में सभी सीएचसी, पीएचसी एवं 123 आयुष्मान आरोग्य मन्दिर में ओरल स्क्रीनिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके लिए पुर्व में सभी स्वास्थ्य पदाधिकारियों को जिला स्तर पर प्रशिक्षित किया गया था। साथ हीं निर्देश दिया गया था कि यह अभियान एक माह तक समुदाय स्तर पर जारी रखें और हर आयु के रहिवासियों की मुंह की जांच करें।

इस संदर्भ में सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद ने बताया कि जन्म से लेकर हर उम्र तक मुंह के स्वास्थ्य की जांच अवश्य करना चाहिए। छोटे बच्चों के मसूढों को स्वच्छ गीले कपड़े से साफ करना चाहिए। बताया कि 6 वर्ष के उम्र तक के बच्चों के दांतों की साफ सफाई माता पिता अपने निगरानी में करें। बड़ों को सुबह और सोने से पहले दो मिनट तक टूथ पेस्ट से ब्रश करें। कहा कि खराब मुख स्वास्थ्य से मुंह के कैंसर, हृदय रोग, निमोनिया, मधुमेह इत्यादि बीमारियों का दुष्प्रभाव पड़ता है।

सिविल सर्जन ने प्रशिक्षण के दौरान बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 172151 जिलावासियो के मुंह की जांच एवं स्क्रीनिंग की गई, जिसमें कुल 387 रोगियों में ओरल कैंसर से सम्बन्धित लक्षण पाये गये है, जिसके जांच हेतु आगे रेफर किया गया है। सिविल सर्जन द्वारा सभी सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि स्क्रीनिंग को और बढ़ाए। सभी दन्त चिकित्सा पदाधिकारी का सहयोग लेते हुए समुदाय स्तर पर कैम्प का आयोजन करें। कार्यक्रम में नोडल पदाधिकारी डॉ सुधा सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक हिना अग्रवाल, जिला परामर्शी मो. असलम, जिला कार्यक्रम सहायक आरती मिश्रा आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *