यात्री सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का दिया निर्देश
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन ने 19 मार्च को सोनपुर–बरौनी रेल खंड का व्यापक एवं गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बछवाड़ा स्टेशन, साठाजगत, नाजिर गंज, उजियारपुर एवं दलसिंह सराय सहित विभिन्न स्टेशनों का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, संरक्षा एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम सरन ने स्टेशनों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षालय, प्रकाश व्यवस्था एवं प्लेटफॉर्म की स्वच्छता की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन परिसरों की साफ-सफाई पर विशेष बल देते हुए संबंधित अधिकारियों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को बेहतर अनुभव प्राप्त हो सके।
इसके अतिरिक्त डीआरएम ने पैनल रूम, बैटरी रूम, स्टोर रूम, जेनरेटर रूम एवं रिले रूम का भी निरीक्षण कर वहां की कार्यप्रणाली, रख-रखाव एवं सुरक्षा मानकों की समीक्षा की। उन्होंने इन महत्वपूर्ण तकनीकी इकाइयों में नियमित जांच एवं उच्च स्तर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया, जिससे रेलवे संचालन सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संचालित हो सके।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद करते हुए उन्हें सतत सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यात्री सुरक्षा एवं सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। डीआरएम के निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रौशन कुमार, वरिष्ठ मंडल अभियंता इन्द्रेश कुमार, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) शैलेन्द्र दुबे, टीआरडी अस्मिता नारायण सहित सोनपुर रेल मंडल के अन्य शाखा अधिकारी एवं निरीक्षक उपस्थित रहे। बताया जाता है कि निरीक्षण के पश्चात अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए, जिससे सोनपुर–बरौनी रेल खंड पर सेवाओं की गुणवत्ता में और अधिक सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
![]()













Leave a Reply