अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर स्थित नारायणी नदी के भारत वंदना-दीपोत्सव पुल घाट पर चैत्र अमावस्या के अवसर पर 18 मार्च की शाम भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया।
मां तारा सेवा निधि-महातीर्थ कौनहारा हरिपुर (वैशाली) के सौजन्य से एवं महाकाल बाबा द्वारा विधि-विधान से नारायणी-गंगा, सोनभद्र पूजन एवं अर्चकों के शंख-ध्वनि के साथ गंगा महाआरती किया गया। श्रद्धालुओं के जलाए गए दीपो की रौशनी से पूरा पुल घाट जगमग हो उठा, जिसमें सैकड़ों की संख्या में महिलाओं सहित बच्चे, पुरुष भक्तगण उपस्थित थे। सभी अलौकिक आरती का दर्शन कर मंत्रमुग्ध हो गए।
इस अवसर पर समाजसेवी सह यजमान लालबाबू पटेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर गंगा आरती का विधिवत शुभारंभ किया। समाजसेवी पटेल ने बताया कि मां तारा सेवा निधि कौनहारा जो सम्पूर्ण हरिहर क्षेत्र के सांस्कृतिक पुनरुत्थान के लिए संकल्पित है, जो महीना के प्रत्येक अमावस्या को सोनपुर के पुराना गंडक पुल घाट एवं प्रत्येक पूर्णिमा को श्रीगजेंद्र मोक्ष धाम कौनहारा महातीर्थ हरिपुर वैशाली में एवं प्रत्येक कृष्ण पक्ष दशमी को राजधानी पटना मे त्रिवेणी महाआरती का भव्य आयोजन बीते कई वर्षो से आयोजित होता रहा है। कहा कि गंगा हमारी संस्कृति से जुड़ी सनातन धर्म की धरोहर भी है।
उन्होंने आम जनों से कहा कि पवित्र गंगा मां को सुरक्षित रखते हुए इसे स्वच्छ एवं सुंदर स्थल बनाएं रखें। कहा कि नदी को प्रदूषित नहीं करें, क्योंकि गंगा सर्व कल्याणकारी हैं। इसमें स्नान करने से पाप कट जाते हैं और मुक्ति का मार्ग प्रशस्त होता है। हरिहरक्षेत्र के ऐतिहासिक, पौराणिक एवं सांस्कृतिक विरासत के बारे में जनमानस को अवगत कराकर इस पावन त्रिवेणी संगम पर अर्द्ध कुम्भ का आयोजन किया जाना है, जिसमे सभी धर्मानुरागी सज्जनों के सहयोग की अपेक्षा है।
त्रिवेणी महाआरती का समापन महाकाल बाबा के आशीर्वचनों एवं जनमानस को इस कालजयी शुभ कार्य के शुभारम्भ में अपनी भूमिका निभाने की अपील एवं धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो, विश्व का कल्याण हो, जैसी ओजस्वी नारों के साथ किया गया। इस महाआरती को संपन्न कराने में मुख्य रूप से समाजसेवी पटेल के अलावा आचार्य अनिल, अर्जुन, अविनाश, आदित्य, राजा, विपिन, राजीव आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
![]()













Leave a Reply