Advertisement

गौ माता के तन में तैतिस कोटि देवताओं की सात्विक शक्ति समाहित है-साध्वी भक्तिश्री

गौ माता के सम्मान के लिए हरिहरनाथ मंदिर में सामूहिक शपथ

अवध किशोर शर्म/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व विख्यात हरिहरक्षेत्र सोनपुर के प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर में 18 मार्च की शाम गौ सम्मान आह्वान अभियान के बिहार राज्य प्रभारी साध्वी आचार्या भक्तिश्री ने कहा कि गोमाता 33 कोटि देवी-देवताओं की सात्विक शक्ति अपने तन में समाहित रखती हैं।

इस अवसर पर साध्वी भक्तिश्री ने कहा कि गोमाता का दूध, दही, घी सात्विक आहार के साथ दिव्य औषधि भी है। गोमाता और उनके बछड़े का गोबर-मूत्र दिव्य औषधि होने के साथ-साथ बिष मुक्त कृषि का मूल आधार है। कहा कि भारतीय संस्कृति, परंपरा, संस्कार और जीवन शैली बिना गौमाता के अकल्पनीय है।

साध्वी ने कहा कि गोमाता को राष्ट्र माता, राष्ट्र धरोहर अथवा राष्ट्र आधार का सम्मानित पद प्रदान कर सम्मान मिले ऐसा प्रार्थनीय है।उन्होंने कहा कि यह अभियान किसी संस्थान या संगठन के बैनर तले न होकर केवल ईश्वर, गोमाता और नन्दी बाबा के सानिध्य में होगा। इस अभियान में किसी आचार्य, संत, महंत, नेता या अभिनेता का नेतृत्व नहीं होगा।

मूलतः बिहार प्रांत के दरभंगा की मूल रहिवासी साध्वी आचार्या भक्तिश्री ने हरिद्वार से संस्कृत व्याकरण में शिक्षा ग्रहण की। उन्होंने हरिद्वार की पावन भूमि से पूरे देश में गौ माता को सम्मान दिलाने एवं गौ संरक्षण सहित अन्य मांगों को लेकर संतों व गौ प्रेमियों द्वारा चलाए जा रहे गौ सम्मान आह्वान अभियान की हिस्सा बनी और इस अभियान की बिहार प्रभारी के रूप में कार्य कर रही हैं। राज्य प्रभारी आचार्याश्री के सहयोगी अनुराग बरन और बलराम किशोर ने भी इस मौके पर उपस्थित भक्तजनों का उत्साह वर्धन किया।

सोनपुर अंचल की कार्यकारिणी के गठन को लेकर बैठक संपन्न

गौ-सम्मान आह्वान अभियान को सफल बनाने और जन – जन में जागृति फैलाने के उद्देश्य से सोनपुर अंचल की कार्यकारिणी गठन को लेकर सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर परिसर में हरिहरनाथ मंदिर न्यास के सचिव विजय कुमार सिंह लल्ला के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित गौ- प्रेमियों को साध्वी आचार्याश्री द्वारा अभियान के उद्देश्य एवं आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 27 अप्रैल को अनुमंडल स्तर से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को शांति पूर्ण तरीके से प्रार्थना पत्र सौंपा जाएगा, जिसमें देशभर में गौ माता को उचित सम्मान दिलाने तथा गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही मोबाइल क्रमांक 9067777323 पर मिस कॉल के माध्यम से जन समर्थन जुटाने की भी योजना बनाई गई है। विभिन्न स्थानों पर गोष्ठियों के जरिए आमजनों को जागरूक किया जा रहा है।

न्यास सचिव लल्ला ने बताया कि सारण जिले की तीन अनुमंडल सोनपुर, मढ़ौरा और छपरा है।सोनपुर अनुमंडल में मुख्य रूप से सोनपुर, दरियापुर और दिघवारा प्रखंड शामिल हैं। प्रखंड-तहसील प्रभारियों की नियुक्ति कर सभी अपनी-अपनी टीम का गठन कर अभियान को गति दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि संतों के आशीर्वाद, गौ सेवकों की प्रेरणा और आमजन के सहयोग से इस अभियान को सफल बनाया जाएगा।

बैठक के दौरान सभी उपस्थित गणमान्य जनों ने गौ माता के सम्मान के लिए सामूहिक शपथ भी ली। इस अवसर पर ब्रजेश सिंह, आदित्य सिंह, हिमांशु सिंह, प्रियांशु सिंह, विश्वजीत सिंह, पुटुश सिंह, आशीष सहित अन्य गौ प्रेमी और साधु-संत उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *