Advertisement

चन्दनकियारी में स्टेडियम निर्माण कार्य को ले डीसी ने की समीक्षा बैठक

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में चन्दनकियारी में स्टेडियम निर्माण को लेकर 18 मार्च को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने समीक्षा बैठक की। बैठक में स्टेडियम निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं तथा भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

आयोजित बैठक के दौरान सर्वप्रथम स्टेडियम निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों से कार्य की गुणवत्ता, समय-सीमा और शेष कार्यों की जानकारी ली गई। इसके बाद स्टेडियम में उपलब्ध खेल सुविधाओं यथा मैदान, रनिंग ट्रैक, दर्शक दीर्घा (गैलरी) आदि के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। कहा गया कि खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए स्वच्छ और सुगम वातावरण सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

बैठक में डीसी अजय नाथ झा ने भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को निर्माण कार्य से संबंधित जांच प्रतिवेदन शीघ्र समर्पित करने का निर्देश दिया। साथ ही, उपस्थित उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार को स्टेडियम का स्थल निरीक्षण कर, अपने स्तर से संबंधित पदाधिकारियों के साथ सभी बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा बैठक करने को कहा। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढ़ांडा, जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बून, कार्यपालक अभियंता विशेष प्रमंडल राजू मरांडी, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल अमृत टोपनो, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी ए. के. सिंह आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *