Advertisement

सीसीएल मुख्यालय में पूर्व संध्या पर सरहुल समारोह का आयोजन

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी स्थित सीसीएल मुख्यालय में 18 मार्च को भव्य सरहुल पूर्व संध्या समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सीसीएल मुख्यालय के दर्जनों अधिकारी सहित बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के गणमान्य शामिल थे।

सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार रांची स्थित मुख्यालय के गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर सभागार में सरहुल पूर्व संध्या के अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरे परिसर में उत्साह और पारंपरिक उल्लास का माहौल देखने को मिला। सरहुल कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन कर की गई। समारोह का शुभारंभ पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। इसके बाद आदिवासी समुदाय द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें स्थानीय कलाकारों द्वारा झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, लोकनृत्य एवं लोकगीतों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया।

समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आदिवासी समुदाय की प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया, साथ हीं कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के माध्यम से सरहुल पर्व के सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व को रेखांकित करते हुए प्रकृति के प्रति सम्मान और सामुदायिक एकता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर सीसीएल के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारीगण एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह ने सभी के बीच पारंपरिक संस्कृति के प्रति जुड़ाव और गर्व की भावना को और प्रगाढ़ किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *