मैकेनिकल ने टीआरएस बरौनी को 72 व् परिचालन ने 72 रनों से वाणिज्य को हराया
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल में आयोजित अंतर विभागीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में 17 मार्च को खेले गए अलग -अलग मुकाबलों में मैकेनिकल टीम ने टीआरएस/बरौनी की टीम को 72 रनों से पराजित किया। वहीं, दूसरे मुकाबले में परिचालन विभाग ने भी 72 रनों से वाणिज्य टीम को शिकस्त दी।
जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेडियम सोनपुर में आयोजित टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में मैकेनिकल बनाम टीआरएस बरौनी के इस पहले मुकाबले में मैकेनिकल टीम ने टीआरएस बरौनी टीम को 72 रनों से पराजित कर टूर्नामेंट में शानदार आगाज किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मैकेनिकल टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 160 रनों का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से आनंद कुमार ने 16 गेंदों पर तेज़ तर्रार 37 रन बनाए, जबकि अनुपम राज ने 27 गेंदों में शानदार 33 रनों का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीआरएस बरौनी टीम निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर मात्र 88 रन ही बना सकी। मैकेनिकल टीम की ओर से गेंदबाजी में आनंद कुमार ने 4 ओवर में 3 विकेट लेकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, वहीं मृत्युंजय कुमार ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में मात्र 9 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। अपने हरफनमौला प्रदर्शन के लिए आनंद कुमार को मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया।
दूसरे मुकाबले में परिचालन विभाग बनाम वाणिज्य विभाग भिड़े। जिसमें परिचालन विभाग ने 72 रनों से शानदार जीत दर्ज की।टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी परिचालन टीम ने कप्तान पवन की बेहतरीन शतकीय पारी (नाबाद 102 रन) की बदौलत निर्धारित 20 ओवरों में 209 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। मैच में अरविंद (22 रन), ऋषिकेश (10 रन) एवं मनोज कुमार (10 रन) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। 210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वाणिज्य विभाग की टीम 137 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से सुमित ने सर्वाधिक 69 रनों की प्रभावशाली पारी खेली, जबकि मनीष ने 35 रन बनाए। परिचालन विभाग की ओर से गेंदबाजी में ऋषिकेश ने 3 विकेट, अरविंद ने 2 विकेट तथा रूपम आलोक ने 1 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।
इस अवसर पर शानदार बल्लेबाजी के लिए कप्तान पवन को मैन ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट के इन रोमांचक मुकाबलों ने खिलाड़ियों की प्रतिभा, टीमवर्क एवं खेल भावना को उजागर किया। सोनपुर रेल मंडल द्वारा इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से कर्मचारियों के बीच आपसी समन्वय, स्वस्थ्य जागरूकता एवं सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस अवसर पर सोनपुर रेल मंडल के अधिकारीगण, कर्मचारी एवं खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर जमकर लुत्फ़ उठाया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
![]()













Leave a Reply