समाहरणालय सभागार में मेयर/वार्ड प्रत्याशी/अभिकर्ताओं को दिया गया प्रशिक्षण
जिला कोषांगार पदाधिकारी, राज्य कर पदाधिकारी आदि ने दिया प्रशिक्षण
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। नगर पालिका आम निर्वाचन के तहत सम्पन्न चुनाव में भाग लेने वाले सभी प्रत्याशियों के चुनावी खर्च का अंतिम मिलान आगामी 19 मार्च को किया जाएगा। इस संबंध में 16 मार्च को बोकारो जिला मुख्यालय समाहरणालय सभागार में चास नगर निगम के मेयर एवं वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशियों तथा उनके अभिकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बताया जाता है कि प्रशिक्षण के दौरान प्रत्याशियों एवं अभिकर्ताओं को चुनाव व्यय संधारण, अभिलेखों के रख-रखाव तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दस्तावेज जमा करने की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला कोषागार पदाधिकारी गुलाब चंद्र उरांव, राज्य कर पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने चुनाव व्यय से जुड़े प्रावधानों व नियमों के बारे में विस्तार से बताया।
अधिकारियों ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक प्रत्याशी को अपने चुनाव प्रचार के दौरान हुए खर्च का पूरा विवरण निर्धारित प्रारूप में जमा करना अनिवार्य है। प्रशिक्षण के दौरान प्रत्याशियों को बताया गया कि उन्हें अपने चुनाव व्यय से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज यथा वाउचर, बैंक स्टेटमेंट, शपथ पत्र (एफिडेविट) तथा व्यय पंजी निर्धारित तिथि पर मिलान/जमा के लिए प्रस्तुत करना होगा। साथ हीं किसी भी प्रकार की त्रुटि या अपूर्ण विवरण पाए जाने पर संबंधित प्रत्याशी से स्पष्टीकरण भी मांगा जा सकता है।
अधिकारियों ने प्रत्याशियों एवं उनके अभिकर्ताओं को जानकारी दी कि व्यय पंजी में प्रत्येक खर्च का स्पष्ट विवरण अंकित होना चाहिए तथा सभी खर्चों का प्रमाण संबंधित वाउचर/बिल के रूप में संलग्न करना अनिवार्य है। प्रशिक्षण के दौरान प्रत्याशियों/अभिकर्ताओं द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का भी अधिकारियों ने समाधान किया।

बताया गया कि बोकारो जिला प्रशासन द्वारा व्यय पंजी मिलान एवं जमा करने के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। चास नगर निगम क्षेत्र के मेयर पद के प्रत्याशी तथा वार्ड संख्या 15 से 35 तक के वार्ड पार्षद प्रत्याशी अथवा उनके अभिकर्ता अपने व्यय पंजी का मिलान एवं जमा अनुमंडल कार्यालय चास में करेंगे। वहीं, वार्ड संख्या 1 से 14 तक के वार्ड पार्षद प्रत्याशी अथवा उनके अभिकर्ता अपने व्यय पंजी का मिलान एवं जमा प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालय चास में करेंगे।
इसी क्रम में जिला के हद में फुसरो नगर परिषद के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी तथा सभी वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशी अथवा उनके अभिकर्ता अपने व्यय पंजी का मिलान एवं जमा प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालय बेरमो में करेंगे। कहा गया कि प्रशासन द्वारा सभी प्रत्याशियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि को अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर उपस्थित होकर चुनाव व्यय मिलान/जमा की प्रक्रिया को पूर्ण करें।
![]()













Leave a Reply