रहिवासियों को रोजगार, पार्सल प्रबंधन में आएगी गति व् ट्रेनों के डिटेंशन में होगी कमी
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल द्वारा बरौनी जंक्शन रेलवे स्टेशन पर पार्सल संचालन को अधिक संगठित, कुशल और आधुनिक बनाने की दिशा में नया अध्याय जुड़ गया हैं। एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रेल मंडल का पहला पार्सल हैंडलिंग अनुबंध बरौनी जंक्शन को प्रदान किया गया है। यह अनुबंध निष्पक्ष एवं पारदर्शी निविदा प्रक्रिया के माध्यम से प्रदान किया गया।
बताया जाता है कि इस अनुबंध के अंतर्गत लोडिंग, अनलोडिंग, ट्रांसशिपमेंट एवं पार्सल से संबंधित अन्य सहायक कार्य निजी स्तर पर प्रशिक्षित श्रमिकों द्वारा दक्षतापूर्वक संपन्न किए जाएंगे। इससे न केवल स्टेशन पर मालों की कमी से उत्पन्न बाधाएं दूर होंगी, बल्कि कैटलॉग इंडेक्सिंग जैसी तकनीकी जटिलताएं भी कम होंगी, जिससे पार्सल की बेहतर ट्रैकिंग और समयबद्ध प्रेषण संभव हो सकेगा।
महत्वपूर्ण रूप से, इस प्रणाली के यहां लागू होने से पार्सल बोगियों की तेजी से हैंडलिंग सुनिश्चित होगी, जिससे ट्रेनों के अनावश्यक ठहराव (डिटेंशन) में भी कमी आएगी और समयपालन में सुधार होगा। इस अनुबंध के माध्यम से खासकर आसपास के बेरोजगार रहिवासियों के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं एवं श्रमिकों को आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक नई राह मिलेगी।
सोनपुर के मंडल रेल प्रबंधक अमित शरण ने 16 मार्च को कहा कि यह अनुबंध मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे राष्ट्रीय अभियानों के अनुरूप है। कहा कि सोनपुर रेल मंडल पार्सल प्रबंधन को दक्ष बनाने के साथ-साथ स्थानीय श्रमिक संगठनों को भी सशक्त करने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। कहा कि ट्रेनों के समयबद्ध संचालन में यह कदम मील का पत्थर साबित होगा।
यह पहल रेल यात्रियों, व्यापारियों एवं छोटे कारोबारियों को पार्सल सेवाओं की बेहतर, तेज और भरोसेमंद सुविधा उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगी, जिससे रेल उपयोगकर्ताओं का भरोसा और संतुष्टि भी बढ़ेगी। डीआरएम सरन ने कहा कि सोनपुर रेल मंडल भविष्य में अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी इसी प्रकार की व्यवस्था लागू कर स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने एवं रेलवे राजस्व में सतत वृद्धि की दिशा में प्रयत्नशील रहेगा।
![]()













Leave a Reply