प्रहरी संवाददाता/बोकारो थर्मल (बोकारो)। उत्कल कराटे स्कूल झारखंड शाखा की ओर से डीवीसी बोकारो थर्मल के बोकारो क्लब में 15 मार्च को स्पेशल कराटे प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
जानकारी के अनुसार आयोजित शिविर में झारखंड के विभिन्न जिलों से आए कराटेकार महिला प्रशिक्षको को और बेहतर करने का स्पेशल प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण शिविर में बेरमो व बोकारो सहित धनबाद, हजारीबाग, गिरिडीह, रांची तथा कोडरमा से आए कराटे कार महिला प्रशिक्षकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण में बेहतर तकनीक का प्रशिक्षण दिया गया।
आयोजित द्वितीय चरण का प्रशिक्षण शिविर में बताया गया कि यदि लड़कियों के साथ कोई डराने, धमकाने, अभद्र व्यवहार करता है तो अपनी रक्षा एवं दूसरों की रक्षा स्वयं कैसे करे उसका विशेष प्रशिक्षण दिया गया। उत्कल कराटे स्कूल झारखंड के सेसाइ महादेव गोप ने बताया कि आत्मनिर्भर बनने के लिए मार्शल आर्ट कराटे का प्रशिक्षण सभी वर्ग के महिलाओं को प्राप्त करना चाहिए। कहा कि उत्कल कराटे स्कूल झारखंड शाखा की ओर से विगत दस वर्षों में लगभग पंद्रह हजार से अधिक लड़कियां कराटे का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी हैं। जिसमें 300 से अधिक लड़कियां ऑल इंडिया ओपन नेशनल कराटे चैंपियनशिप में मेडलिस्ट हैं। वही 500 से अधिक लड़कियां राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप में भागीदारी ले चुकी है। जबकि 200 से अधिक लड़कियां ब्लैक बेल्ट हासिल कर चुकी हैं।
सेसाइ महादेव गोप ने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी लड़कियों को स्वरोजगार से जोड़ कर उन्हें आत्म निर्भर बनाया जा रहा है। कहा कि प्रशिक्षण में आत्मरक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य पर भी ध्यान दिया जा रहा है, जिसमें शारीरिक फिटनेस, ताकत, लचीलापन, स्वास्थ्य में संतुलन, हृदयाघात से बचाव, मानसिक विकास, बौद्धिक विकास, आत्मविश्वास और आत्म सम्मान में वृद्धि शामिल है। कहा कि कराटे प्रशिक्षण से कोई भी लड़की अपने से अधिक शक्तिशाली हमलावर का सामना कर सकती है।
प्रशिक्षण शिविर में महिला प्रशिक्षक पायल कुमारी, जयश्री सेन, डोली कुमारी महतो, नेहा कुमारी, आकांक्षा कुमारी, पूजा प्रमाणिक, सोनिया कुमारी, मधु कुमारी, काजल कुमारी आदि के द्वारा सभी को प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें उत्कल कराटे स्कूल झारखंड शाखा के मुख्य प्रशिक्षक गोप सहित सेंसाई नकुल कुमार यादव, सेंसाई विक्रम कुमार नायक, विक्रम प्रजापति, उत्कल कराटे स्कूल सचिव मुकेश कुमार, पप्पू कुमार प्रजापति एवं राजेश रविदास उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply