Advertisement

तेनुघाट उपकारा में बंदियों को दी गई कानूनी जानकारी

ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में तेनुघाट स्थित उपकारा में 15 मार्च को जेल अदालत सह कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

आयोजित शिविर में व्यवहार न्यायालय तेनुघाट के प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी राज कुमार पांडेय ने जेल बंदियों को बीएनएनसएस के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कैदीयों के मामलों का निष्पादन किस प्रकार किया जाता है। उन्होंने जेल बंदियों को ईद एवं रामनवमी पर्व की बधाई दी।

कानूनी जागरूकता शिविर की अगुवाई कर रहे प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी पांडेय ने बंदियों को बताया कि कानून सभी के लिए बराबर है, चाहे वह अमीर हो या गरीब। इसलिए हमें हमेशा कानून के दायरे में रहकर कार्य करना चाहिए, ताकि आप किसी भी प्रकार के गलत कार्य से बच सके। उन्होंने बंदियों को बताया कि जेल में पीएलवी हमेशा आते हैं और उन्हें बंदी अपनी समस्या बता सकते हैं। अगर आपको किसी प्रकार की समस्या है तो आपकी समस्या का समाधान हो सकता है।

शिविर में अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट के चिकित्सा प्रभारी डॉ शंभू कुमार ने बंदियों को बताया कि ज्यादातर जेल बंदी जमानत मिल जाने के बाद न्यायालय नहीं आते हैं, जिससे उनका दुबारा वारंट निर्गत होता है और जेल जाने की हालात होता है। इसलिए उन्हें हमेशा अपने अधिवक्ता से बात कर अपने मुकदमो की जानकारी लेना चाहिए। पैनल अधिवक्ता राकेश कुमार ने कहा कि जब यहां पैनल अधिवक्ता और पीएलवी आते हैं तो आप उनसे अपनी न्यायालय में चलनेवाले मुकदमा के बारे में जानकारी ले सकते हैं।

स्वागत भाषण एवं मंच संचालन कर रहे अधिवक्ता सुभाष कटरियार ने बताया कि सरकार द्वारा हमेशा जेल प्रशासन को निर्देश दिया जाता है कि यहां रह रहे बंदी को सभी तरह की सुविधा मिलनी चाहिए, इसके तहत आपको सभी तरह की सुविधा प्रदान की जाती है। धन्यवाद ज्ञापन कर रहे जेलर नीरज कुमार ने बताया कि प्रतिमाह जेल अदालत सह कानूनी जागरूकता शिविर के साथ-साथ मेडिकल कैंप भी लगाया जाता है। जिसमें सभी बंदी अपना इलाज करवाते हैं और स्वस्थ रहते हैं। इस अवसर पर संजय कुमार मंडल, इस्तियाक अंसारी, विजय कुमार, मदन प्रजापति सहित दर्जनों जेल कर्मी तथा जेल बंदी मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *