Advertisement

महिला दिवस के उपलक्ष्य में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित

महिला महोत्सव सप्ताह में उत्कृष्ट कार्य करने वाली बेरमो प्रखंड की महिलाएं सम्मानित

एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 11 मार्च को बोकारो जिला के हद में बेरमो प्रखंड कार्यालय सभागार में महिला महोत्सव सप्ताह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) मुकेश मछुवा, प्रखंड प्रमुख गिरजा देवी और बीडीओ मुकेश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। जानकारी के अनुसार बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा के निदेशानुसार महिला सम्मान हेतु महिला महोत्सव सप्ताह 8 से 15 मार्च तक मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 11 मार्च को बेरमो प्रखंड कार्यालय सभागार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो (मुख्यालय तेनुघाट) मुकेश मछुवा, प्रखंड प्रमुख गिरिजा देवी, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मुकेश कुमार, अंचल अधिकारी (सीओ) संजीत कुमार सिंह, जिला से श्रुति शेट्टी एवं अमर कुमार उपस्थित थे।

इसके अलावा मुखिया कंचन देवी, चन्दना मिश्रा, तरुलता देवी, सीमा महतो, सोनामुनी देवी, कैथरीन हांसदा, जेएसएलपीएस प्रखंड प्रबंधक (बीपीएम) अंजना सिंह, महिला पर्यवेक्षिका रेखा कुमारी, मुक्ति कुमार, कुमारी सुमित्रा सहित आंगनबाड़ी सेविकाएं एवं जेएसएलपीएस की दीदियां मौजूद थीं।

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। जिसमें फुसरो नगर परिषद चुनाव में 73 प्रतिशत से अधिक मतदान कराने हेतु बीएलओ उर्मिला देवी, पीएमएमभीवाई योजना में 249 प्रतिशत से अधिक प्रविष्टि कार्य करने के लिए सुनीता देवी, विभिन्न योजनाओं के लाभ से सफल महिला उद्यमी बनने के लिए बोडिया दक्षिणी पंचायत की तनुजा कुमारी के साथ ही प्रखंड महिला कर्मी उपेल कुमारी, जेएसएलपीएस कर्मी अनामिका कुमारी और लीला देवी को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि एसडीओ मुकेश मछुवा ने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा से लेकर अंतरिक्ष तक हर क्षेत्र में परचम लहरा रही हैं। बीडीओ मुकेश कुमार ने कहा कि आज बेरमो प्रखंड की महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर प्रखंड का नाम रोशन कर रही हैं। वहीं प्रखंड प्रमुख गिरिजा देवी ने महिलाओं से अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाकर आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का समापन बीपीएम अंजना सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि तनुजा कुमारी मईया सम्मान योजना, मुद्रा बैंक लिंकेज एवं सीआईएफ राशि के माध्यम से एक सफल महिला उद्यमी के रूप में उभर रही हैं, जो अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *