Advertisement

सोनपुर रेल मंडल में अन्तरविभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ

टीम भावना, अनुशासन व् समन्वय को बढ़ावा देती हैं खेल गतिविधियां-अमित सरन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल के तत्वावधान में 11 मार्च से स्थानीय सोनपुर स्टेडियम में अन्तरविभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ किया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन सोनपुर के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन द्वारा गुब्बारे उड़ाकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया।

इस अवसर पर डीआरएम अमित सरन ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलकूद गतिविधियाँ कर्मचारियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाती हैं तथा टीम भावना, अनुशासन और आपसी समन्वय को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी टीमों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएँ दी।
जानकारी के अनुसार आयोजित अन्तर विभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल आठ विभागों की टीमें भाग ले रही हैं, जिन्हें दो समूहों ‘ए’ एवं ‘बी’ में विभाजित किया गया है।

ग्रुप ‘ए’ में विद्युत, संकेत एवं दूरसंचार, यांत्रिक तथा वाणिज्य विभाग की टीमें शामिल हैं, जबकि ग्रुप ‘बी’ में रेल सुरक्षा बल, परिचालन, चिकित्सा तथा अभियंत्रण, लेखा एवं कार्मिक विभागों की संयुक्त टीम भाग ले रही है। टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल मैच आगामी 8 अप्रैल को तथा दूसरा सेमीफाइनल मैच 9 अप्रैल को खेला जाएगा। सेमीफइनल के दोनों मैचों के विजेता टीमों के बीच फाइनल मुकाबला 12 अप्रैल को खेला जाएगा, जिसमें विजेता टीम का निर्धारण होगा।

इस अवसर पर रेल मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारीगण तथा खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। टूर्नामेंट के आयोजन से सोनपुर रेल मंडल में खेलकूद के प्रति उत्साह एवं आपसी सहयोग की भावना को नया प्रोत्साहन मिला है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *