Advertisement

सर्वोच्च राष्ट्रीय प्राथमिकता का कार्य है जनगणना-वैभव श्रीवास्तव

छह दिवसीय जिला स्तरीय जनगणना प्रशिक्षण सह कार्यशाला प्रारम्भ

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। जनगणना एक राष्ट्रीय महापर्व है। इस बार की जनगणना भारत की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना होगी। इसे त्रुटि रहित और समयबद्धता के साथ सफल बनाना हम सबकी जिम्मेवारी है।

उक्त बातें प्रधान जनगणना अधिकारी सह सारण के जिलाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव ने 9 मार्च को जिला मुख्यालय छपरा के भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में आयोजित तीन दिवसीय जनगणना प्रशिक्षण का उद्घाटन करते हुए कही।डीएम ने जनगणना को सर्वोच्च राष्ट्रीय प्राथमिकता का कार्य बताया। कहा कि जितना अच्छा प्रशिक्षण होगा, कार्य उतना ही सटीक और त्रुटि रहित होगा। उन्होंने चार्ज अधिकारी, सहायक चार्ज अधिकारी और अतिरिक्त चार्ज अधिकारियों को उनके कार्य और दायित्व को समझाते हुए कहा कि जनगणना राष्ट्रीय और स्थानीय स्तर की योजनाओं का आधार होता है। जनगणना का मूल मंत्र है कि कोई भी व्यक्ति छूटे नहीं और किसी प्रकार का दोहरीकरण नहीं हो।

डीएम श्रीवास्तव ने बताया कि जनगणना के दो चरण हैं। पहले चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना किया जाएगा। इसे आगामी अप्रैल एवं मई माह में संपन्न कर लिया जाएगा। उन्होंने जनगणना के लिए बनाए गए विशेष पोर्टल सीएमएमएस एवं एचएलबीसी के संचालन को मनोयोग से सीखने व् हैंडस्ऑन करने का निर्देश दिया। बताया कि इस बार मोबाइल ऐप का माध्यम सेल्फ गणना का प्रावधान भी रखा गया है। कहा कि कोई व्यक्ति अपना जनगणना स्वयं भी कर सकता है।

उन्होंने प्रचार-प्रसार को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि हर नागरिक को पता होना चाहिए कि जनगणना हो रहा है, ताकि वे समय पर अपनी सूचनाएं दर्ज करा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि फील्ड कार्य और पोर्टल प्रबंधन के बीच सटीक समन्वय रहे, ताकि डेटा में जीरो एरर की स्थिति बनी रहे। कहा कि वर्ष 1881 से जारी जनगणना के सफर में यह ऐतिहासिक बदलाव है। जहां माइक्रो-प्लानिंग और समयबद्धता अनिवार्य होगी। उन्होंने आगामी एक मई से शुरू होने वाले फील्ड कार्य के लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की नियुक्ति का ब्लूप्रिंट तैयार रखने का निर्देश दिया।

लगाए जा रहे हैं 9343 अधिकारी व कर्मी

कार्यक्रम का परिचय कराते हुए अपर जिला जनगणना अधिकारी सह डीआईओ तारणी कुमार ने बताया कि जनगणना कार्य के लिए डीएलसीसीसी (डिस्ट्रिक्ट लेवेल सेंसस कोऑर्डिनेशन कमिटी), सेल और चार्ज, सहायक चार्ज व अतिरिक्त चार्ज बनाए गए हैं। जिला स्तरीय पदाधिकारी समेत कुल 80 अधिकारी, प्रखंड स्तर पर 20 चार्ज अधिकारी, 20 सहायक चार्ज अधिकारी, 20 अतिरिक्त चार्ज अधिकारी, नगर निकाय स्तर पर 10 चार्ज अधिकारी तथा 10 प्रतिबंधित व विशेष क्षेत्र के चार्ज अधिकारी के अलावा 128 कर्मी, 7762 प्रगणक और 1293 सुपरवाइजर मिलाकर कुल 9343 मैन पावर एक साथ जिला में जनगणना कार्य कराएंगे। उन्होंने तकनीकी पहलुओं से परिचय कराते हुए कहा कि यही जनगणना का आधार होगा। इसलिए हैंडस्ऑन बहुत अच्छे से करेंगे। डाऊट क्लियर अवश्य करेंगे।

प्रशिक्षण में बिहार की राजधानी पटना से आईं स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर अदिती आनंद व जुली कुमारी ने सीएमएमएस पोर्टल के संचालन और हाउस लिस्टिंग ब्लॉक निर्माण का लाइव डेमो दिया। इस दौरान अधिकारियों की तकनीकी शंकाओं का मौके पर ही समाधान किया गया। यहां लगाए गए कम्प्यूटर और लैपटॉप पर हैंडस्ऑन कराया गया। सत्र समाप्ति पर ऑनलाईन जांच परीक्षा और क्षमता आंकलन किया गया। राज्य स्तरीय मास्टर प्रशिक्षक सह सीसीएलआर सदर आलोक राज ने अतिथियों का स्वागत किया तथा जिला जनगणना अधिकारी सह अपर समाहर्ता मुकेश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

इस अवसर पर उपरोक्त के अलावा जिला शिक्षा पदाधिकारी निशांत किरण, जिला योजना पदाधिकारी धनंजय कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी सुरेश कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी शशि कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी रविन्द्र कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अंजनी कुमार लाल, एसडीएम सोनपुर स्निग्धा नेहा, एसडीएम मढ़ौरा निधि राज समेत जिले के समस्त संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *