Advertisement

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मंजूरा में सांसद द्वारा महिलाओं का सम्मान

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के मंजूरा में महिला दीदियों के सम्मान में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गिरिडीह सांसद तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में गोमिया के पूर्व विधायक और जिला परिषद सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने महिला दीदियों को सम्मानित करते हुए समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। इस अवसर पर सांसद सीपी चौधरी ने कहा कि महिलाओं के बिना समाज और देश का विकास संभव नहीं है। कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़कर अपनी क्षमता का परिचय दे रही हैं और सरकार भी महिला सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चला रही है।

पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए समाज और सरकार दोनों को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं शिक्षा, रोजगार और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है। जिला परिषद सदस्य अमरदीप महाराज ने कहा कि महिला दिवस केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को सुनिश्चित करने का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने महिलाओं से संगठित होकर अपने अधिकारों और विकास के लिए आगे आने का आह्वान किया।
सम्मान समारोह कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में महिला दीदियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *