रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। वस्त्र मंत्रालय भारत सरकार के विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) क्षेत्रीय कार्यालय कोलकाता द्वारा महाशिवरात्रि के अवसर पर बीते 15 फरवरी को बोकारो के सेक्टर चार स्थित मजदूर मैदान में दस दिवसीय गांधी शिल्प बाजार (राष्ट्रीय) हस्तशिल्प बिक्री-सह-प्रदर्शनी मेले का भव्य शुभारंभ किया गया।
जानकारी के अनुसार मुख्य अतिथि क्षेत्रीय निदेशक हस्तशिल्प संदीप कुमार, सहायक निदेशक शत्रुध्न कुमार, नेशनल अवॉर्डी एस. पॉल एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। अतिथियों का स्वागत हस्तशिल्पियों ने स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र देकर किया।
खास यह कि बोकारो के लिए गौरव की बात है कि पहली बार राष्ट्रीय स्तर का गांधी शिल्प बाजार आयोजित हो रहा है। मेला आगामी 23 फरवरी तक चलेगा, जिसमें देश के 15 से अधिक राज्यों यथा जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, असम, ओडिशा, कर्नाटक, गुजरात आदि के शिल्पकार भाग ले रहे हैं। मेले में कुल 150 स्टॉल निःशुल्क उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे कारीगरों को सीधे बाजार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
मेले में ब्लू पॉटरी, जूट उत्पाद, टेराकोटा, मिथिला पेंटिंग, डोकरा कला, बनारसी सिल्क, चिकनकारी सहित अनेक पारंपरिक हस्तशिल्प प्रदर्शित किए गए हैं। अतिथियों ने इसे शिल्पकारों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है।
![]()













Leave a Reply