प्रहरी संवाददाता /मुजफ्फरपुर (बिहार)। मुजफ्फरपुर (Muzaffarpur) जिला के हद में गायघाट विधानसभा क्षेत्र इन दिनों सुर्खियों में है। यहां बदलाव की संभावना दिख रही है। गायघाट विधानसभा क्षेत्र से वैशाली की लोजपा सांसद वीणा देवी की बेटी कोमल सिंह ने दावेदारी कर दी है। भले ही मां लोजपा में हैं। पिता दिनेश सिंह जदयू के विधान पार्षद हैं।
कोमल ने 8 सितंबर को गायघाट का दौरा कर क्षेत्र में सनसनी पैदा कर दी। कोमल की उम्र अब चुनाव लड़ने की हो गयी है। वह समाजिक कार्यकर्ता भी हैं। वर्ष 2019 में उनकी मां जब लोकसभा चुनाव लड़ रही थी, उस समय कोमल सक्रिय थी। सांसद वीणा देवी 2015 के विधानसभा चुनाव में हार गई थी। कारण बने थे अशोक सिंह। अशोक सिंह अभी जदयू में हैं।
हालांकि यहां से टिकट मिलने की उम्मीद सिटिंग एमएलए महेश्वर यादव को है। यादव पिछले माह ही राजद से जदयू में शामिल हुए हैं। लोजपा सांसद वीणा देवी की बेटी कोमल सिंह 2015 में मां के चुनाव में काफी सक्रिय थी। कोमल के पिता जदयू एमएलसी दिनेश सिंह की पकड़ कई पार्टियों पर है। हालांकि, यह तय नहीं है कि कोमल राजद से ही लड़ेगी। पिता जदयू व मां लोजपा में है, ऐसे में कोमल के लिए राजद से लड़ना मुश्किल होगा।
लालू यादव यहां महेश्वर यादव को हर हाल में धूल चटाना चाहेंगे। वह जानते हैं कि यहां यादव व राजपूत में टशन चलते रहता है। वह किसी राजपूत को टिकट देंगे तो उनका आधार वोट बैंक उनसे अलग हो सकता है। इस पार्टी से सबसे ज्यादा चर्चा निरंजन राय की है। वीआइपी से लाल बाबू सहनी का नाम आ रहा है। यहां जातीय गोलबंदी मजबूत दिख रहा है। यदि राजद और जदयू दोनों यहां यादव उम्मीदवार देते हैं तो किसी तीसरी पार्टी से कोमल की दावेदारी हो सकती है। इन सबसे परे कोमल क्षेत्र का लगातार भ्रमण कर रही है।
![]()











