विरोध में रहिवासियों ने किया सड़क जाम व् पुलिस पर पथराव
प्रहरी संवाददाता/ मुजफ्फरपुर (बिहार)। मुजफ्फरपुर (Muzaffarpur) में सदर थाना के हद में दिघरा में बदमाशों ने 3 सितंबर की देर रात एक व्यवसाई के घर डाका डाला। डाका डालने पहुंचे बदमाश व्यवसाई की बेटी को भी अगवा कर साथ ले गए। जानकारी मिलते ही विरोध में रहिवासियों ने सड़क जाम कर दिया। मौके पर ग्रामिणों को शांत करवाने और जाम खुलवाने के लिए पहुंची पुलिस को गुस्साए ग्रामिणों ने पथराव कर खदेड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक हथियारबंद डकैत किराना व्यवसायी के घर डाका डालने के क्रम में हथियार के बल पर दरवाजा खुलवाया और घर में तोड़फोड़, लूटपाट तथा मारपीट की। डकैती में लाखों की संपत्ति लूटी गई। जाते समय डकैत किराना व्यवसायी की 15 वर्षीय बेटी को अगवा कर अपने साथ ले गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई।
सदर पुलिस ने मामले को संदेहास्पद व प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया। पुलिस की इस दलील पर रहिवासी भड़क गए। गुस्साए रहिवासियों ने पुलिस के उपर रोड़ेबाजी कर पुलिस को वहां से खदेड़ दिया। पुलिस के पीछे हटते ही रहिवासी सड़क पर प्रदर्शन करने लगे। व्यवसाई और ग्रामीण रहिवासी 4 सितंबर को एनएच 28 दिघरा चौक को बांस बल्ला लगाकर जाम करके प्रदर्शन पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान आगजनी भी की गयी।
सड़क जाम के कारण एनएच पर दोतरफा जाम लग गया और यातायात ठप है। बड़े-छोटे वाहन फंसे हुए हैं। बताया जा रहा है कि आक्रोशित लोगों ने राहगीरों से भी दुर्व्यवहार किया। फिलहाल मौके पर वरीय पुलिस अधिकारी के बुलाने पर सभी अड़े है। इस मामले को लेकर अबतक पीड़ित परिवार ने लिखित आवेदन नहीं दिया है। मौके पर स्थानीय विधायक बेबी कुमारी भी पहुंची और पीड़ित परिवार से मुलाकात की।
![]()











