Advertisement

अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी सफीरा हस्सा से मिले उपायुक्त

बोकारो उपायुक्त ने दिया मदद का भरोसा

एस.पी.सक्सेना/ बोकारो। आर्थिक तंगी से जूझ रही अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी सफीरा हस्सा (International Football Player Safira Hassa) से 6 जुलाई को बोकारो उपायुक्त मुकेश कुमार ने समाहरणालय सभाकक्ष में मुलाकात की तथा सहयोग का आश्वासन दिया। ज्ञात हो कि विभिन्न माध्यम से उपायुक्त को यह पता चला कि बोकारो जिला की प्रतिभावान अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी सफीरा हस्सा आर्थिक तंगी के कारण रांची के एक मॉल में सेल्समैन का काम कर रही हैं। उपायुक्त ने मामले को गंभीरता पूर्वक लेते हुए अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी को समाहरणालय बुलाकर उनसे उनका हालचाल लिया तथा उन्हें हर संभव आर्थिक मदद करने की बात कही।

उपायुक्त ने कहा कि ऐसे प्रतिभावान खिलाड़ियों की जरूरत जिला प्रशासन को है। जो बोकारो (Bokaro) जिला का नाम देश विदेशों में रौशन कर सकें। सुश्री हस्सा को आर्थिक मदद देने हेतु उपायुक्त द्वारा निदेशक खेलकूद एवं कला संस्कृति विभाग झारखंड सरकार को पत्राचार किया गया। ताकि उन्हें राज्य सरकार की ओर से हर संभव मदद मिल सके। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा यह आश्वासन दिया गया कि इस खिलाड़ी को हर संभव मदद उनके पढ़ाई तथा जीवन यापन के लिए की जाएगी।

उपायुक्त से मिलने के बाद अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सुश्री हस्सा काफी उत्साहित दिखी। उन्होंने कहा कि उपायुक्त ने जिस प्रकार मामले को गंभीरता पूर्वक लिया है वह काफी सराहनीय है। हमारे अभिभावक स्वरूप उपायुक्त द्वारा मेरी आर्थिक स्थिति को देखकर तत्काल जो संज्ञान लिया गया काफी प्रशंसनीय है। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी से मिलने के क्रम में बोकारो जिला फुटबॉल संघ के महेंद्र प्रसाद उपस्थित थे।

ज्ञात हो कि बोकारो जिला की फुटबॉल खिलाड़ी सुश्री सफीर हस्सा अंडर-13 अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मैच में वर्ष 2010 में दो बार भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। अंडर-14 अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मैच में भी वर्ष 2011 में इन्होंने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है। इनके द्वारा फुटबॉल खेल की शुरुआत बोकारो जिला से वर्ष 2005 में आरंभ किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *