Advertisement

गणतंत्र दिवस को ले शिबू सोरेन स्मृति भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का रिहर्सल

रिहर्सल में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। गणतंत्र दिवस के पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी के तहत 22 जनवरी को बोकारो जिला मुख्यालय कैंप टू स्थित शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) में जिले के विभिन्न विद्यालयों के समूहों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का रिहर्सल किया गया।

रिहर्सल के दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत नृत्य, गीत एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अभ्यास किया गया। यहां उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल डांढ़ा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने छात्रों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि गणतंत्र दिवस समारोह गरिमामय एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। ज्ञात हो कि, बोकारो जिला प्रशासन द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देशभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर भविष्य के मतदाताओं (छात्रों) को मतदाता शपथ भी उप विकास आयुक्त द्वारा दिलाई गई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *