Advertisement

सरस्वती पूजा व् गणतंत्र दिवस को लेकर सोनपुर में अनुमंडल स्तरीय बैठक

सोनपुर क्षेत्र में 385 सरस्वती मूर्तियां की जा रही स्थापित, लाइसेंस लेना अनिवार्य

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। आगामी 23 जनवरी को सरस्वती पूजा और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस आयोजन को लेकर 19 जनवरी को सारण जिला के हद में अनुमंडल कार्यालय सोनपुर के सभागार में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक की गयी। अध्यक्षता भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) राधेश्याम कुमार मिश्र ने की।

ज्ञात हो कि इस वर्ष सोनपुर अनुमंडल क्षेत्र में कुल 385 मूर्तियां स्थापित की जा रही हैं। आयोजित बैठक में सभी पूजा समितियों को निर्देश दिया गया है कि हर हाल में लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति के मूर्ति स्थापना या आयोजन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक निर्देश और विसर्जन से जुड़ी अहम बातों पर विस्तार से चर्चा की गयी।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार बैठक में आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए भी विशेष निर्देश दिए गए। प्रत्येक पूजा पंडाल एवं आसपास के घरों में पानी भरकर रखने और आग बुझाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं घाटों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने कहा कि विसर्जन के दौरान पानी की गहराई का ध्यान रखते हुए बैरिकेडिंग और निगरानी बढ़ाई जाएगी।

बैठक में ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर भी नियम तय किए गए हैं। बैंड-बाजा की अनुमति दी गई है, जबकि डीजे का संचालन नियंत्रित रहेगा। बैठक में बताया गया कि विसर्जन के दौरान डीजे पूर्ण रूप से बंद रहेगा, साथ ही बैंड और अश्लील गीतों पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूजा समिति को पूजा और शांति व्यवस्था की जिम्मेदारी स्वयं लेनी होगी। कहा गया कि विसर्जन के नाम पर किसी भी जातिगत या धार्मिक भावना को आहत करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, पूजा या विसर्जन के नाम पर किसी भी प्रकार का हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आयोजनों में सिर्फ शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक ही गीत बजाने की अनुमति दी गई है।

गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों को लेकर बैठक में चर्चा

उक्त बैठक में आगामी 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) के कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गयी, जिसमें समय में बदलाव का निर्णय लिया गया। कहा गया कि नए समय की सूचना संबंधित समितियों और विद्यालयों को प्रशासन द्वारा अलग से दी जाएगी। कहा गया कि बैठक का उद्देश्य सरस्वती पूजा और गणतंत्र दिवस को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराना है। अनुमंडल प्रशासन ने सभी से सहयोग और नियमों का पालन करने की अपील की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *